आकांक्षी जिला कार्यक्रम के मानकों में सुधार की आवश्यकता : मुरुगन

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 24 Dec 2024 9:07 PM

विज्ञापन

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन पलामू में तीन दिवसीय दौरे पर हैं.

विज्ञापन

मेदिनीनगर. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ एल मुरुगन पलामू में तीन दिवसीय दौरे पर हैं. केंद्रीय मंत्री ने मंगलवार को समाहरणालय के सभागार में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. डीसी शशि रंजन ने मंत्री डा मुरुगन को पलामू जिले की भौगोलिक स्थिति से अवगत कराया. बैठक में आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत पलामू में कार्य की प्रगति की समीक्षा की गयी. इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत पलामू में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास और आधारभूत संरचनाओं को विकसित करने की दिशा में अब तक में किये गये कार्यों की विस्तृत जानकारी हासिल की. उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के मानकों के अनुरूप कार्यों में सुधार करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि नीति आयोग की अनुशंसा पर केंद्र सरकार ने पलामू जिले को आकांक्षी जिला के रूप में चिह्नित किया है. आकांक्षी जिला कार्यक्रम के मानकों के अनुरूप ही काम होना चाहिए, जबकि समीक्षा के दौरान कार्यों की प्रगति मानक के अनुरूप नहीं है. उन्होंने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि मानकों में सुधार हो सके. बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के क्षेत्र में जिले किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली. इस दौरान सिविल सर्जन ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को रोकने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग सक्रिय होकर काम कर रहा है. जिले में 90 प्रतिशत से अधिक संस्थागत प्रसव कराया जा रहा है. मंत्री ने गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों के बारे में जानकारी ली. उन्होंने यह जानना चाहा कि अति कुपोषित बच्चों की देखभाल कैसे की जाती है और उनका उपचार कैसे हो रहा है. उन्होंने सिविल सर्जन एवं समाज कल्याण पदाधिकारी को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर महिलाओं और शिशु के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बतायी. शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने कक्षा पांच व छह के ड्रॉप आउट बच्चों के बारे में जानकारी ली. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को ड्रॉप आउट विद्यार्थियों को स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष ध्यान देकर काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में पलामू का डेल्टा रैंकिंग 44 है. इसे कम करने की दिशा में सक्रिय होकर कार्य करने की आवश्यकता है. बैठक में कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास और आधारभूत संरचनाओं के विकास को लेकर जिले में हुए कार्यों की समीक्षा की गयी और पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये. कृषि पदाधिकारी ने जिले में कृषि विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी. इस दौरान कृषि कार्य में सुविधा के लिए सरकार के द्वारा किसानों को दिये जाने वाले संसाधन एवं अन्य कार्यों के बारे में बताया गया. मंत्री ने पशुपालन पदाधिकारी को पशुओं के टीकाकरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. इसी तरह वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, अटल पेंशन योजना के तहत जिले में किये गये कार्यों की समीक्षा की गयी. आधारभूत संरचनाओं के विकास के तहत जिले में बिजली कनेक्टिविटी, पंचायतों में इंटरनेट कनेक्शन एवं सीएससी कवरेज जैसे कार्यों के बारे में जानकारी ली गयी. उन्होंने नल-जल योजना व पीएम आवास योजना के तहत किये जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान पदाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. मंत्री डॉ एल मुरुगन ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम को लेकर नीति आयोग के द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप संबंधित विभाग के पदाधिकारी काम करें, तभी उद्देश्य पूरा होगा. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में किये जा रहे कार्यों में सुधार के लिए लगातार प्रयास करने पर जोर दिया. मौके पर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, डीडीसी शब्बीर अहमद, नगर आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित कई विभागों के पदाधिकारी और अभियंता मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola