पलामू : 25 वर्षों से सड़क का इंतजार, बारिश में गांव बन जाता है टापू, मरीजों को चारपाई पर ढोने को मजबूर ग्रामीण

Updated:
विज्ञापन
जर्जर सड़क पर खड़े ग्रामीण

जर्जर सड़क पर खड़े ग्रामीण

पलामू के रांकी और हमीनपुर गांव के ग्रामीण पिछले 25 सालों से सड़क निर्माण का इंतजार कर रहे हैं. बारिश के चार महीने गांव नारकीय स्थिति में बदल जाता है, जहाँ स्कूल और इलाज जैसी बुनियादी सुविधाएं ठप पड़ जाती हैं. स्थानीय महिलाएं प्रशासन से जल्द मदद की गुहार लगा रही हैं.

विज्ञापन

पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट 

पलामू जिले के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय से महज दो किलोमीटर दूर स्थित रांकी और हमीनपुर गांव के ग्रामीण पिछले 25 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं. सड़क नहीं बनने के कारण हर वर्ष बारिश के चार महीने ग्रामीणों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है. जर्जर सड़क और नाले के कारण गांव तक वाहन नहीं पहुंच पाते, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

बारिश में स्कूल और इलाज दोनों ठप 

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में स्कूली बच्चों का स्कूल जाना लगभग असंभव हो जाता है. वहीं, किसी के बीमार होने या गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा होने की स्थिति में एंबुलेंस और अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते. मजबूरी में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई पर उठाकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता है.

ग्रामीण
ग्रामीण

सड़क निर्माण नहीं होने से महिलाओं में आक्रोश 

सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर गांव की महिलाओं में काफी आक्रोश है. उनका कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई.

पंचायत स्तर पर भी नहीं हुई पहल 

रांकी और हमीनपुर गांव भड़गांव पंचायत के अंतर्गत आते हैं, जहां की मुखिया सुनीता देवी हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर भी सड़क निर्माण की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया.

डीसी से लगाई सड़क निर्माण की गुहार 

ग्रामीणों ने अब पलामू के उपायुक्त (डीसी) से सड़क निर्माण की गुहार लगाई है. उनका कहना है कि जिला प्रशासन ही उनकी आखिरी उम्मीद है. ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा, मरीजों का इलाज और गांव की आवाजाही की समस्या का स्थायी समाधान हो सके.


विज्ञापन
प्रिया गुप्ता

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता पिछले एक वर्ष से प्रभात खबर में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola