पलामू में धूमधाम से मनाया गया खजूर पर्व, निकाली गई धर्मयात्रा

पलामू में पाम संडे के मौके पर धर्म यात्रा में शामिल कैथोलिक मसीही. फोटो: प्रभात खबर
Palamu Palm Sunday: पलामू के मेदिनीनगर में खजूर पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया. शांति की महारानी गिरजाघर से निकली धर्मयात्रा में श्रद्धालुओं ने खजूर की डालियां लेकर प्रभु यीशु का जयघोष किया. विशेष प्रार्थना सभा में प्रेम, शांति और सेवा का संदेश दिया गया और प्रसाद वितरण भी किया गया. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu Palm Sunday: रविवार को झारखंड के पलामू जिले में मसीही विश्वासियों ने खजूर पर्व (पाम संडे) को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया. जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित विभिन्न गिरजाघरों से खजूर धर्मयात्रा निकाली गई, जिससे पूरा वातावरण धार्मिक उल्लास से भर गया.
शांति की महारानी गिरजाघर से निकली भव्य यात्रा
जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में सुबह शांति की महारानी गिरजाघर से भव्य खजूर धर्मयात्रा निकाली गई. इस यात्रा का नेतृत्व फादर संजय गिद्ध ने किया. उन्होंने धर्मयात्रा से पूर्व खजूर की डालियों को आशीष प्रदान किया. धर्मयात्रा में शामिल कैथोलिक विश्वासी अपने हाथों में खजूर की डालियां लेकर प्रभु यीशु के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए आगे बढ़ रहे थे.
होसन्ना गीतों और जयघोष से गूंजा शहर
धर्मयात्रा के दौरान श्रद्धालु “होसन्ना” के गीत गाते हुए और प्रभु यीशु का जयघोष करते हुए चल रहे थे. “ख्रीस्त हमारा राजा है, उसकी जय-जयकार करो” और “शांति का राजा आ रहा है” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. यह यात्रा शांति की महारानी गिरजाघर से निकलकर यूनियन चर्च, ग्रामीण बैंक रोड और डीडीसी आवास रोड होते हुए पुनः चर्च परिसर में समाप्त हुई.
विशेष प्रार्थना सभा और मिस्सा पूजा का आयोजन
धर्मयात्रा के समापन के बाद शांति की महारानी गिरजाघर में विशेष प्रार्थना सभा और पूजा-अनुष्ठान का आयोजन किया गया. मुख्य अनुष्ठाता फादर संजय गिद्ध की देखरेख में पवित्र मिस्सा सम्पन्न हुआ. इस दौरान श्रद्धालुओं ने प्रभु यीशु की महिमा में गीत गाए और सामूहिक प्रार्थना कर आशीर्वाद प्राप्त किया.
खजूर पर्व का धार्मिक महत्व
अपने प्रवचन में फादर संजय गिद्ध ने खजूर पर्व के महत्व को विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि यह पर्व प्रभु यीशु के येरुशलम में विजय प्रवेश की स्मृति में मनाया जाता है, जब लोगों ने खजूर की डालियों से उनका स्वागत किया था. इसी परंपरा को आज भी विश्वभर के मसीही समुदाय द्वारा श्रद्धा के साथ निभाया जाता है.
प्रेम, शांति और सेवा का संदेश
फादर संजय गिद्ध ने कहा कि प्रभु यीशु ने मानवता को प्रेम, शांति, विनम्रता, क्षमाशीलता और सेवा का संदेश दिया है. उन्होंने सभी से इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव के गरीब और असहाय लोगों की मदद कर समाज में भाईचारा और सौहार्द बढ़ाना चाहिए.
प्रसाद वितरण और शुभकामनाएं
प्रार्थना सभा के बाद श्रद्धालुओं के बीच खजूर पर्व का प्रसाद वितरित किया गया. लोगों ने एक-दूसरे को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रेम व एकता का संदेश साझा किया.
इसे भी पढ़ें: होसन्ना गीत से गूंज उठा नोवामुंडी, हर्षोल्लास से मनाया गया पाम संडे
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति
इस अवसर पर फादर जॉर्ज तिग्गा, अमरदीप केरकेट्टा, क्रिस्टोफर, सुरेश तिर्की, डीकन समीर तिग्गा सहित बड़ी संख्या में मसीही विश्वासी उपस्थित रहे. सभी ने मिलकर इस पर्व को भव्य और आध्यात्मिक रूप से सफल बनाया.
इसे भी पढ़ें: रांची में बन रही मेगा लाइब्रेरी में पढ़ें 5000 बच्चे, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया निरीक्षण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




