पलामू में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 96 वाहन जब्त; 45.03 लाख रुपये जुर्माना वसूला
बैठक में डीसी, एसपी, एसडीओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
पलामू जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जुलाई माह में कुल 96 वाहनों को जब्त कर जुर्माना वसूला गया।
पलामू: उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की और अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली.
जुलाई में 96 वाहन जब्त
जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जुलाई माह में खनन विभाग ने अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त 44 वाहनों को जब्त किया. इनसे 34 लाख 85 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. वहीं, जिला परिवहन विभाग ने 52 वाहन जब्त कर 10 लाख 18 हजार रुपये का जुर्माना वसूला. वन विभाग की ओर से इस अवधि में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया.
हरिहरगंज और हुसैनाबाद में सबसे अधिक कार्रवाई
बैठक में विभिन्न अंचलों की कार्रवाई की भी समीक्षा की गयी. इस दौरान कुल 36 वाहनों को जब्त किये जाने की जानकारी दी गयी. हरिहरगंज और हुसैनाबाद अंचल ने सबसे अधिक पांच-पांच वाहन जब्त किये.
वहीं, पिछले तीन माह से उंटारी रोड अंचल में कोई कार्रवाई नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जतायी. उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये.
यह भी पढ़ें : सिंदुरिया गांव में जलजमाव से हाहाकार, घरों में घुसा पानी
अवैध बालू के रास्तों पर होगी ट्रेंच कटिंग
उपायुक्त ने पुलिस, परिवहन और खनन विभाग को आपसी समन्वय से लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. प्रमुख मार्गों और चेकपोस्टों पर वाहनों की नियमित जांच करने तथा खनन क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने को कहा.
उन्होंने अवैध बालू के संभावित परिवहन मार्गों को चिह्नित कर संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार ट्रेंच कटिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि अवैध बालू परिवहन पर प्रभावी रोक लगायी जा सके.
सूचना तंत्र मजबूत करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी एसडीओ, एसडीपीओ, सीओ और थाना प्रभारियों को बेहतर समन्वय के साथ सूचना तंत्र मजबूत करने तथा अवैध खनन से जुड़ी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
बैठक में सदर एसडीएम, सहायक समाहर्ता, विभिन्न एसडीपीओ, थाना प्रभारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









