तेजी से बढ़ रहा हैं कोयल और अमानत नदी का जलस्तर,भीषण बाढ़ की आशंका, प्रशासन अलर्ट
कोयला नदी का बढ़ता जलस्तर | Prabhat Khabar Network
पलामू में भारी बारिश से कोयल और अमानत नदी उफान पर है। प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी है।
पलामू . जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जिले की प्रमुख नदियां उफान पर है. नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. ऐसी स्थिति में भीषण बाढ़ की आशंका जतायी जा रही है. नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है.
तटीय इलाकों में अलर्ट
नदी तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन के द्वारा अलर्ट किया गया है.बताया जाता है गुमला, लातेहार,पलामू जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण पलामू जिले की नदियाँ उफान पर हैं.जानकारी के मुताबिक ओरंगा, अमानत, जिंजोइ सहित अन्य छोटी नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है.
जलस्तर खतरे के निशान के करीब
पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में कोयल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है. जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधान रहने का निर्देश दिया है. जिला प्रशासन के द्वारा मेदिनीनगर शहरी क्षेत्र में कोयल नदी किनारे आबादी वाले क्षेत्रों में ध्वनि विस्तारक के माध्यम से लोगों को सचेत किया जा रहा है.
गश्त लगा रही है प्रशासन
नदी का जलस्तर बढ़ने से नगर निगम क्षेत्र के पहाड़ी मोहल्ला, हुसैन नगर, राहत नगर, पंचवटी नगर मुहल्ले वासियों को सावधान किया गया है. खासकर शहर के मैरिन ड्राईव, टाउन हॉल से शिवाला घाट तक पुलिस प्रशासन कैंप किये हुए है. जबकि राहत नगर और हुसैन नगर मुहल्ले में प्रशासन गश्त लगा रही है. क्योंकि इन दोनों मुहल्ले कोयल नदी का पानी प्रवेश कर गया है. प्रशासन ने लोगों को सजग और सावधान किया है.
ये भी पढ़ें: दो राज्यों के जोड़ने वाली छतरपुर-मड़वा-नौडीहा बाजार सड़क की स्थिति बदहाल
14 अगस्त को भी आयी थी बाढ़
भारी बारिश के कारण 14 अगस्त को भी कोयल नदी में भीषण बाढ़ आयी थी. इस कारण कोयल रिवर फ्रंट'' पूरी तरह से बाढ़ के पानी में समा गया था. रिवर फ्रंट का पूरा हिस्सा जलमग्न होने से वहां की संरचनाओं को भी नुकसान पहुंचा था. बाढ़ के पानी का प्रवाह इतना तेज था कि कोयल नदी में बन रहे दूसरे पुल के निर्माण कार्य में लगी करोड़ों रुपये की भारी-भरकम आधुनिक मशीनें और उपकरण पानी में पूरी तरह डूब गये हैं.
ये भी पढ़ें: सिर्फ कागजों में सिमटा पाटन विद्युत विभाग का सब-डिवीजन कार्यालय, उपभोक्ता परेशान
रील बनाने में जुटे युवा,दुर्घटना की आशंका
इस मानसून सीजन में दूसरी बार कोयल नदी के बढ़ते जलस्तर को देखने के लिए शहर के आसपास के इलाकों के लोगो की भीड़ लगी है. सुरक्षा की अनदेखी करते हुए कई लोग नदी के बिल्कुल नजदीक जाकर रील बनाते और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. प्रशासन ने लोगों से अपील किया है कि वे किसी भी परिस्थिति में नदी के पास न जायें. लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और तेज बहाव वाले डूब क्षेत्र से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गयी है.
बारिश से आम जनजीवन प्रभावित
पिछले सोमवार से जिले में रुक रुक कर बारिश हो रही है. इस बारिश से किसानों में खुशी की लहर है. बारिश के अभाव में कुछ किसानों के द्वारा ही अपने स्तर सिंचाई के संसाधनों का उपयोग कर किसी तरह धान की रोपाई किया था. बारिश होने से जिले के सभी प्रखंडों में धान की रोपाई तेज हो गयी है. इधर किसानों के बीच खुशी है वहीं बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. खासकर जिले के विभिन्न शहरी व ग्रामीण इलाकों में जल जमाव होने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









