दो राज्यों के जोड़ने वाली छतरपुर-मड़वा-नौडीहा बाजार सड़क की स्थिति बदहाल
सड़क की स्थिति | Prabhat Khabar Network
पलामू के छतरपुर-मड़वा-नौडीहा बाजार मुख्य सड़क की स्थिति बदहाल है। बड़े गड्ढों और जलजमाव के कारण राहगीरों और स्कूली छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छतरपुर : पलामू जिले के छतरपुर प्रखंड से मड़वा होते हुए नौडीहा बाजार की ओर जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं, जबकि कई हिस्सों में सड़क की सतह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है.
दो राज्यों को जोड़ता है सड़क
छतरपुर प्रखंड से एनएच-98 के फोरलेन से मड़वा होते हुए नौडीहा बाजार और बिहार के गया जिले की ओर जाने वाले इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है. सड़क के क्षतिग्रस्त होने का असर आम लोगों के साथ विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है. प्रखंड क्षेत्र स्थित आइटीआइ कॉलेज और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के समीप सड़क की स्थिति खराब होने से छात्र-छात्राओं को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
लंबे समय से स्थिति दयनिय
स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. बारिश के दिनों में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण आवागमन और भी मुश्किल हो जाता है. दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.
ये भी पढ़ें: सिर्फ कागजों में सिमटा पाटन विद्युत विभाग का सब-डिवीजन कार्यालय, उपभोक्ता परेशान
प्रमुख स्थानों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मार्ग
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए नौडीहा बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मार्ग है. इस मार्ग से हाईवा, ट्रेलर समेत भारी वाहनों का लगातार आवागमन होता है, जिससे सड़क पर दबाव बढ़ रहा है और सड़क दिन-ब-दिन जर्जर होती जा रही है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने और गड्ढों को भरने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








