22 को JPSC में भ्रष्टाचार के खिलाफ रांची में महाघेराव, पलामू से जुटेंगे सैकड़ों युवा

Updated:
विज्ञापन
फोटो कैप्शन: प्रेसवार्ता के दौरान मौजूद विधायक, जिलाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network

प्रेसवार्ता के दौरान विधायक, जिलाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network

झारखंड में जेपीएससी भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजयुमो ने प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए भाजयुमो ने कहा है कि 22 जुलाई को रांची में महाघेराव और 21 को मेदिनीनगर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा.

विज्ञापन

Protest Against JPSC: झारखंड के युवाओं के रोजगार और हक को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आगामी 22 जुलाई को रांची स्थित झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय के ऐतिहासिक घेराव को लेकर पलामू में विशेष तैयारी की जा रही है. इसे लेकर परिसदन में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया. इस दौरान स्थानीय विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला. विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि युवाओं के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए भाजपा सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है.

बाहरी लोगों में बांटी जा रही नौकरियां- आलोक चौरसिया

उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि हक के लिए लाठी भी खानी पड़ी तो पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जायेगा. शिक्षा और रोजगार किसी भी राज्य के विकास की नींव होते हैं, परंतु वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार देने के मामले में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है. JPSC जैसी गरिमामयी संस्था में भ्रष्टाचार और दलाली हावी हो चुकी है. राज्य के मेधावी स्थानीय छात्रों को दरकिनार कर बाहरी लोगों को नौकरियां बांटी जा रही हैं. वहीं, भाजपा के पलामू जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी ने क्षेत्रीय नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार पलामू प्रमंडल के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है. क्षेत्र की स्थानीय भाषाओं, विशेषकर भोजपुरी और मगही को उचित सम्मान न देकर यहां के युवाओं के भविष्य के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ किया जा रहा है. जिसे भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी.

मेदिनीनगर में निकाला जाएगा विशाल मशाल जुलूस

भाजयुमो के जिलाध्यक्ष डॉ विपुल गुप्ता ने कहा कि जेपीएससी परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ी और अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही हैं. परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता का घोर अभाव है और उत्तर पुस्तिकाओं को भी सार्वजनिक नहीं किया जाता, जिससे छात्रों में भारी असंतोष है. इसी के विरोध में 21 जुलाई को मेदिनीनगर में विशाल मशाल जुलूस निकाला जाएगा और 22 जुलाई को रांची में महाघेराव किया जाएगा, जिसमें पलामू से सैकड़ों युवा भाग लेंगे. प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आनंद पाठक, प्रदेश मंत्री विश्वजीत पाठक, जिला मंत्री लाल प्रसाद यादव, शिवकुमार मिश्र, शुभम प्रसाद, भीष्म चौरसिया सहित भाजपा और भाजयुमो के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहें.


विज्ञापन
Chandra Shekhar Singh

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola