पलामू: स्वतंत्रता दिवस को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण, पुलिस लाइन स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह
फोटो कैप्शन : पुलिस स्टेडियम में निरीक्षण करते पलामू डीसी व एसपी | Prabhat Khabar Network
पलामू में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पुलिस लाइन स्टेडियम में मुख्य ध्वजारोहण होगा, डीसी और एसपी ने परेड का निरीक्षण किया।
पलामू: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन स्टेडियम में मुख्य समारोह का आयोजन किया जायेगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह नौ बजे मुख्य ध्वजारोहण होगा. जिला प्रशासन ने समारोह की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. राष्ट्रीय पर्व को लेकर पिछले कई दिनों से चल रहे परेड पूर्वाभ्यास का गुरुवार को अंतिम अभ्यास संपन्न हुआ.
पुलिस लाइन स्टेडियम में आयोजित पूर्वाभ्यास का उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपील चौधरी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया. इस दौरान उपायुक्त ने ध्वजारोहण का अभ्यास किया और राष्ट्रीय ध्वज को विधिवत सलामी दी. दोनों अधिकारियों ने परेड की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया और मुख्य समारोह को बेहतर और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए परेड कमांडरों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और जवानों को मुख्य समारोह के दिन समय पर उपस्थित रहने तथा सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने पलामू जिले के लोगों से भी अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और राष्ट्रीय उत्सव को उत्साह और गरिमा के साथ मनायें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









