बिजली संकट पर पलामू में आज महामंथन: मंत्री राधाकृष्ण किशोर करेंगे समीक्षा, सब-स्टेशनों का करेंगे निरीक्षण
फोटो कैप्शन : वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर | Prabhat Khabar Network
पलामू में बिजली संकट दूर करने के लिए मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और सब-स्टेशनों का औचक निरीक्षण करेंगे.
पलामू : पलामू जिले में गहराते बिजली संकट को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य विभाग के माननीय मंत्री राधाकृष्ण किशोर आज 13 अगस्त 2026 से पलामू के दौरे पर है. इस दौरान वे जिले की बिजली समस्याओं को लेकर प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें और विभिन्न क्षेत्रों का जमीनी दौरा करेंगे. मंत्री के आप्त सचिव अनिर्बान आईच द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, मंत्री का आज का पूरा कार्यक्रम मुख्य रूप से पलामू में व्याप्त बिजली संकट के समाधान पर केंद्रित रहेगा.
आज का पूरा शेड्यूल
पूर्वाह्न 11:30 बजे मेदिनीनगर समाहरणालय के सभागार में पलामू उपायुक्त की उपस्थिति में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक होगी. इसमें झारखंड विद्युत वितरण निगम के वरिष्ठ अधिकारी, वन प्रमंडल के पदाधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल होंगे. अपराह्न 01:30 बजे पाटन प्रखंड मुख्यालय स्थित पावर सब-स्टेशन का औचक निरीक्षण करेंगे. उसके बाद अपराह्न 02:30 बजे नौडीहा बाजार स्थित मायापुर पावर सब-स्टेशन का निरीक्षण और तकनीकी समस्याओं का जायजा लेंगे. अपराह्न 04:00 बजे छतरपुर प्रखंड कार्यालय के सभागार में स्थानीय बिजली समस्याओं को लेकर एक और महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. उसके बाद अपराह्न 05:00 बजे मेदिनीनगर परिषद के लिए प्रस्थान करेंगे.
अधिकारियों को अपडेट रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने का निर्देश
इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए पलामू जिले के महाप्रबंधक, अधीक्षण अभियंता, सभी प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता और संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये हैं. सभी अधिकारियों को निर्देशानुसार इस बैठक में पूरी तरह से अपडेटेड (अद्यतन) रिपोर्ट के साथ समय पर उपस्थित रहने को कहा गया है ताकि बिजली संकट का तुरंत और ठोस समाधान निकाला जा सके.
जनता को जगी है बड़ी उम्मीद
स्थानीय जनता को उम्मीद है कि मंत्री के इस कड़े रुख और औचक निरीक्षण से पलामू में लंबे समय से चली आ रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










