मेदिनीनगर में नगर निगम बोर्ड की बैठक, 76 नई योजनाओं को मिली मंजूरी

Updated:
विज्ञापन

नगर निगम बोर्ड की बैठक में मेयर अरुणाशंकर व अन्य | Prabhat Khabar

मेदिनीनगर नगर निगम की बैठक में 76 नई योजनाओं को मंजूरी दी गई. अब शहर में कैशलेस राजस्व व्यवस्था लागू होगी और आधुनिक बस पड़ाव का निर्माण किया जाएगा.

विज्ञापन

मेदिनीनगर : नगर निगम सभागार में बुधवार को बोर्ड की मासिक बैठक मेयर अरुणा शंकर की अध्यक्षता में हुई. संचालन नगर आयुक्त रंजीत लाल ने किया. बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के बाद 76 नयी योजनाओं को स्वीकृति दी गयी. निर्णय लिया गया कि प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का स्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाये और जल्द क्रियान्वयन शुरू कराया जाये. मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि शहरवासियों को बुनियादी सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने के लिए निगम पूरी दृढ़ता से काम कर रहा है. डिप्टी मेयर मनोज सिंह ने कहा कि शहर के विकास के लिए कई योजनाएं ली गयी हैं और उनका प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वयन जरूरी है. चार जुलाई की बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुरूप किये गये कार्यों की समीक्षा के बाद उसे संपुष्ट किया गया.

नागरिक सुविधाओं के लिए करोड़ों का आवंटन

बैठक में बताया गया कि नगर विकास विभाग से शहरी सुविधा एवं विकास योजनाओं के लिए राशि आवंटित हुई है. नागरिक सुविधा मद में 4.28 करोड़, शहरी परिवहन सुविधा के लिए 2.54 करोड़ और शौचालय और यूरिनल निर्माण के लिए 2.43 करोड़ 75 हजार रुपये मिले हैं. इन राशियों से योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गयी. एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना के तहत डॉग केनाल निर्माण के लिए 2.10 करोड़ रुपये का आवंटन हुआ है. इसके लिए स्थल चयन पर चर्चा हुई. कई पार्षदों ने मगरदाहा में केनाल बनाने का सुझाव दिया. शौचालय मद की राशि से शहर में 129 व्यक्तिगत, आठ सार्वजनिक, चार एस्पिरेशनल टॉयलेट और 14 यूरिनल बनाये जायेंगे. इसके लिए स्थल चयन की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई.

अब कैशलेस जमा होगा निगम का राजस्व

नगर निगम में राजस्व जमा करने की प्रक्रिया को कैशलेस बनाने का निर्णय लिया गया. अब नकद के बजाय स्कैनर और क्यूआर कोड के माध्यम से विभिन्न प्रकार की राजस्व राशि जमा कराने की व्यवस्था लागू की जायेगी. इससे राजस्व संग्रह में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है. नागरिक शिकायतों के समाधान की निगरानी के लिए एप विकसित करने का भी निर्णय लिया गया. एप निर्माण के लिए जल्द निविदा निकाली जायेगी. पार्षदों ने अधिकारियों ने जनसमस्याओं के समाधान में गंभीरता नहीं बरतने की शिकायत भी की.

टिकुलिया में बनेगा आधुनिक बस पड़ाव

बैठक में आधुनिक बस पड़ाव के लिए सिंगरा रोड स्थित टिकुलिया मौजा में जीएम लैंड का स्थल चयन करने का निर्णय लिया गया. बहलोलवा में प्रस्तावित बस स्टैंड स्थल को निरस्त कर जुडको को पत्र भेजने का निर्णय हुआ. वहीं बैरिया में प्रस्तावित बस पड़ाव की जगह ट्रांसपोर्ट नगर बनाने पर चर्चा हुई, लेकिन अंतिम निर्णय अगली बैठक में लेने पर सहमति बनी. बैठक में अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रमोद उरांव, लेखा पदाधिकारी समेत कई वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक और अभियंता मौजूद थे.


विज्ञापन
Chandra Shekhar Singh

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola