ऑक्सीजन प्लांट के उद्घाटन बाद ऑक्सीजन मिलने की थी उम्मीद लेकिन पांच वर्षों के बाद भी बंद हैं प्लांट

Updated:
विज्ञापन

पलामू के हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल व बंद पड़ा ऑक्सीजन प्लांट | Prabhat Khabar Network

पलामू के हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में लगा ऑक्सीजन प्लांट उद्घाटन के बाद से ही बंद है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से मरीजों को नहीं मिल पा रही सुविधा।

विज्ञापन

नौशाद अहमद की रिपोर्ट पलामू. पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट उद्घाटन के बाद से ही बंद पड़ा है. पांच वर्षों से यह प्लांट निष्क्रिय है. स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा इस दिशा में कोई पहल नहीं की गयी है.

धीरे-धीरे खराब हो रहा है ऑक्सीजन प्लांट

इसके कारण अस्पताल परिसर में लगा यह ऑक्सीजन प्लांट अब धीरे-धीरे खराब हो रहा है. इस प्लांट के चालू होने से मरीजों को पाइपलाइन के माध्यम से सीधे बेड तक ऑक्सीजन मिलने की उम्मीद थी, जो पूरी नहीं हो सकी. ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट से अस्पताल के लगभग 50 बेड तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछायी गयी थी. प्लांट बंद रहने के कारण यह पाइपलाइन बेकार पड़ी है और अस्पताल की मशीनों पर धूल जम गयी है.

स्थापित होने के बाद एक दिन भी नहीं हुआ उपयोग

प्लांट बंद होने के कारण मरीजों को सिलेंडर के माध्यम से ऑक्सीजन दी जाती है. अस्पताल में हर महीने लगभग 50 ऑक्सीजन सिलेंडर की खपत होती है. स्थापित होने के बाद से इस प्लांट का उपयोग एक दिन भी नहीं किया गया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग को हर महीने सिलेंडरों पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है. यह प्लांट किस तकनीकी गड़बड़ी के कारण बंद है. इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है. जानकारी के लिए अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी स्वास्थ्य उपाधीक्षक डॉ संजय कुमार रवि से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका. अन्य विभागीय सूत्रों के अनुसार, डॉ. संजय कुमार रवि का चार दिन पूर्व गढ़वा जिला में तबादला हो चुका है.

ये भी पढ़ें: आवास योजना की राशि लेकर घर न बनाने वाले लाभुकों पर अब गिरेगा गाज, नीलाम पत्र वाद दायर

पूर्व विधायक ने किया था उद्घाटन

पूर्व विधायक ने किया था उद्घाटन,लोगों में आक्रोश कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए तत्कालीन विधायक कमलेश कुमार सिंह के प्रयास से इस प्लांट की स्थापना की गयी थी. 12 अगस्त 2021 को पूर्व विधायक कमलेश कुमार सिंह ने इसका उद्घाटन किया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब ऑक्सीजन प्लांट का संचालन ही नहीं करना था, तो इसे अनुमंडलीय अस्पताल में स्थापित क्यों किया गया. लोगों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है कि उनकी वजह से यह जीवनरक्षक परियोजना वर्षों से बंद पड़ी है.


विज्ञापन
Chandra Shekhar Singh

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola