16 घंटे की मशक्कत के बाद हाथी को बिहार सीमा में खदेड़ा

Updated:
विज्ञापन

रातभर जुटी रही वन विभाग की रेस्क्यू टीम

विज्ञापन

रातभर जुटी रही वन विभाग की रेस्क्यू टीम

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रतिनिधि, मोहम्मदगंज

शुक्रवार को हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में भटककर पहुंचे जंगली हाथी को वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने 16 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार अहले सुबह क्षेत्र से बाहर खदेड़ने में सफलता हासिल की. बिगड़ैल हाथी को बुधुवा गांव के पास सोन नदी पार कर बिहार की सीमा में भेज दिया गया. हाथी के सीमा पार करने की खबर मिलते ही ग्रामीणों और वनकर्मियों ने राहत की सांस ली. वन विभाग के अनुसार, हाथी से जिन परिवारों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें विभागीय प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जायेगा. इसके लिए पीड़ित परिवारों को क्षति से संबंधित आवेदन व आवश्यक कागजात जमा करने होंगे.

रातभर चला अभियान

वन विभाग के जिला मुख्यालय से डीएफओ सत्यम कुमार के दिशा-निर्देश पर पूरी रेस्क्यू टीम रातभर सक्रिय रही. लगातार प्रयास के बाद शनिवार सुबह करीब चार बजे हाथी को बिहार की सीमा में खदेड़ दिया गया. इसकी पुष्टि के लिए वनकर्मी बुधुवा घाट से नाव पर सवार होकर हाथी के संभावित मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे. बालू पर बिहार की ओर जाते हाथी के पैरों के निशान मिलने के बाद टीम वापस लौटी. बताया गया कि डीएफओ सत्यम कुमार पूरी रात जिला मुख्यालय से अभियान की मॉनिटरिंग करते रहे.

औरंगाबाद से भटक कर पहुंचा था

जानकारी के अनुसार, हाथी अपने झुंड से बिछड़कर औरंगाबाद जिले के मदनपुर पहाड़ से उतरते हुए नबीनगर के रास्ते पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में पहुंचा था. इस दौरान रास्ते में कई झोपड़ियों को नुकसान पहुंचाया. हालांकि किसी की जान नहीं गयी. सबसे पहले एकौनी गांव में ईंट-भट्ठा मजदूरों की झोपड़ियों व खाने-पीने का सामान नष्ट किया. इसके बाद महुआरी गांव होते हुए रेल पटरी पार की.

कई लोगों को पहुंचाया नुकसान

झरहा गांव में कृष्णा सिंह की भैंस को घायल किया, दिलीप सिंह के घर का किवाड़ तोड़ा. चिरैया खाड़ में भोला चंद्रवंशी की एक गाय को कुचल दिया और छोटू चौधरी की पान दुकान को तोड़ उसमें रखा सामान बर्बाद कर दिया. सोन नदी पार करने से पहले बुधुवा गांव में मृतुंजय सिंह की एक गाय को गंभीर रूप से घायल कर दिया.

ये रहे अभियान में शामिल

रेस्क्यू अभियान में प्रभारी वनपाल अखिलेश दास, संदीप कुमार, मिथुन कुमार रजक, गौरव कुमार निराला, मिथिलेश कुमार, अभिषेक पांडेय, महुआरी पंचायत के मुखिया पति सह पैक्स अध्यक्ष बिमलेश कुमार, मुकेश कुमार, जितेंद्र कुमार, ग्रामीण सुभाष सिंह, होमगार्ड के जवान सहित अन्य कई लोग शामिल थे.वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखने पर अफवाह न फैलाएं और तुरंत विभाग को सूचना दें.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन