ePaper

देश के महान संविधान बदल कर भाजपा लाना चाह रही है मनुस्मृति

Updated at : 01 Jun 2025 9:18 PM (IST)
विज्ञापन
देश के महान संविधान बदल कर भाजपा लाना चाह रही है मनुस्मृति

रविवार को पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली व सभा का आयोजन किया.

विज्ञापन

मेदिनीनगर. रविवार को पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली व सभा का आयोजन किया. कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शहर थाना रोड आंबेडकर पार्क स्थित संविधान निर्माता डॉ बीआर आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रैली शुरू की. इसका नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश कर रहे थे. संविधान बचाओ रैली पार्क परिसर ने निकल कर छह मुहान होते हुए शिवाजी मैदान रोड टाउन हॉल परिसर पहुंची. कांग्रेस के नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. रैली के समापन के बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति नगर भवन में सभा शुरू हुई. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर सभा का उदघाटन किया. मुख्य अतिथि कांग्रेस के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि भारत का संविधान विश्व में सर्वश्रेष्ठ और महान है. देश का संविधान हमारी आत्मा है, इसमें छेड़छाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. संविधान की रक्षा करने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार हिंदू-मुस्लिम का नारा देकर अपनी राजनीतिक रोटी सेंक रही है. देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर उसका दुरूपयोग किया जा रहा है. भारतीय संविधान में देश के सभी वर्गों को समानता, स्वतंत्रता सहित अन्य मौलिक अधिकार प्राप्त है. लेकिन केंद्र सरकार उसे समाप्त करना चाहती है. संविधान में बदलाव कर केंद्र सरकार मनु स्मृति को लागू करना चाहती है. इसी मंशा को लेकर पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 400 का नारा दिया था. लेकिन जनता उनकी मंशा को समझ गयी और सबक सिखाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान को बचाने का संकल्प लिया है. इसे पूरा करने के लिए पूरे देश में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसके माध्यम से आम नागरिकों को संविधान की रक्षा करने व अपने अधिकार के लिए एकजुट होने का कांग्रेस आह्वान कर रही है. प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि भाजपा बापू के हत्यारे नाथूराम गोडसे को अपना आदर्श मानती है. लेकिन कांग्रेस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व संविधान निर्माता बीआर आंबेडकर को अपना आदर्श मानती है. संविधान में देश के दबे कुचले आदिवासी, दलित, शोषित, पीड़ित लोगों को उत्थान के लिए जो अधिकार मिला है, उसे भाजपा समाप्त करना चाहती है. झारखंड में आदिवासी समाज के लोग प्रकृति के पूजक हैं, लेकिन केंद्र सरकार सरना धर्म कोड लागू नहीं कर रही है. सरना कोड आदिवासियाें की पहचान है. इसे लेकर कांग्रेस मुखर है. पूर्व मंत्री डा रामेश्वर उरांव ने कहा कि आजादी के बाद देश की शासन व्यवस्था के संचालन के लिए संविधान का निर्माण किया गया. संविधान के निर्माण में झारखंड के पुरोधाओं का भी योगदान रहा है. संविधान का सम्मान सभी नागरिकों को करना चाहिए. संविधान की प्रस्तावना की जानकारी सभी लोगों को होनी चाहिए. भाजपा संविधान में संशोधन करना चाहती है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार बलमुचु ने कहा कि भाजपा की मंशा कभी भी साफ नहीं रही है. वह अपने हिसाब से देश को चलाना चाहती है, इसलिए वह संविधान में संशोधन करने को आतुर है. कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष बिट्टू पाठक ने की. संचालन विनोद तिवारी व धन्यवाद ज्ञापन श्यामनारायण सिंह ने किया. सभा में कांग्रेस के गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता शांतनु मिश्रा, एम तौसिफ, जिला प्रभारी विनय सिन्हा, 20 सूत्री जिला उपाध्यक्ष बिमला कुमारी ने विचार व्यक्त किया.

अमेरिका के दबाव में केंद्र सरकार ने किया सीजफायर : वित्त मंत्री

राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भाजपा एवं उसके नेताओं की नीतियों और कार्यों पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं में राजनीतिक संस्कार व शुचिता नहीं है. ऐसी स्थिति में वह देश की सत्ता संभालने के योग्य नहीं हैं. भाजपा ने सिर्फ हिंदूवाद के नाम पर जनता को गुमराह किया और देश की सत्ता हासिल की है. सत्ता का सुख अदानी अंबानी भोग रहे हैं और जनता ठगा महसूस कर रही है. देश में जितनी भी बड़ी परियोजनाएं देख रहे हैं, वह सब कांग्रेस की देन है. भाजपा ने 15 वर्षों के शासनकाल में देश के विकास और जनता की सुविधा के लिए क्या किया है, इस विषय पर भाजपा के नेता उनसे आंख मिला कर बात नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके नेता किसको बेवकूफ बना रहे हैं. कोरोना दवा से ठीक होगा या थाली बजाने से. प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में जनता से थाली बजवाया. यह सब वोट की राजनीति है भाजपा की. केंद्र की भाजपा सरकार ने झारखंड के रॉयल्टी का हिस्सा एक लाख 36 हजार करोड़ रोक रखी है, क्योंकि झारखंड में महागठबंधन की सरकार है. इतना ही नहीं जल जीवन मिशन योजना, मनरेगा, आवास एवं वृद्धा पेंशन की राशि भी रोक दी है. उन्होंने पहलगाम आतंकी घटना पर सवाल उठाया. कहा कि बजट का अधिकांश हिस्सा देश की सुरक्षा पर खर्च होता है. अधिकांश सुरक्षा बलों को देश की सुरक्षा में तैनात किया गया है. फिर भी जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी का जत्था हथियार लेकर पहुंचा और घटना को अंजाम दिया. वहां सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं था. पीएम स्ट्राइक कर देश को संदेश दे रहे हैं कि पहलगाम का बदला ले लिया. जबकि सीजफायर से पहले सर्वदलीय बैठक क्यों नहीं हुई. अमेरिका के दबाव में सेना की कार्रवाई रोकी गयी. थोड़ी सी भी नैतिकता है तो प्रधानमंत्री मोदी को इस्तीफा दे देना चाहिए. भाजपा के नेता घर-घर सिंदूर बांटने की तैयारी कर रहे हैं, महिलाओं को चाहिए कि सिंदूर उन्हें ही लगा दें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SATYAPRAKASH PATHAK

लेखक के बारे में

By SATYAPRAKASH PATHAK

SATYAPRAKASH PATHAK is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola