जिले भर में आन-बान-शान से लहराया गया तिरंगा

Updated at : 27 Jan 2025 5:36 PM (IST)
विज्ञापन
जिले भर में आन-बान-शान से लहराया गया तिरंगा

रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने 76 वें गणतंत्र दिवस पर झंडोत्तोलन किया.

विज्ञापन

पाकुड़. जिले के मुख्य समारोह स्थल रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने 76 वें गणतंत्र दिवस पर झंडोत्तोलन किया. इससे पूर्व मंत्री ने एसपी प्रभात कुमार के साथ वाहन में सवार होकर परेड के 10 टोलियों का निरीक्षण किया. इस दौरान डीसी मनीष कुमार, डीएफओ सौरभ चंद्रा आदि मौजूद रहे. इस दौरान जिले में बेहतर काम करने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों को सम्मानित किया गया. वहीं नवनियुक्त कर्मियों को प्रमाण-पत्र दिया गया. झंडोत्तोलन के बाद मंत्री ने जिला समेत समस्त देशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की बधाइयां दी. कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही गठबंधन सरकार का मुख्य लक्ष्य है झारखंडवासियों का सर्वांगीण विकास है. हमारी सरकार मंईयां सम्मान योजना में 18 से 50 वर्ष तक के मां-बहनों को 1000 हजार रुपए से बढ़ाकर 2500 रुपये बैंक खाते में भेजी है और यह जारी रहेगा. फिर से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम शुरू होगा. सरकार अधिकारियों के माध्यम से हर पंचायत तक पहुंचेगी. युवाओं और युवतियों से कहना चाहूंगा कि राज्य में जल्द ही बड़े पैमाने पर सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पद भरे जायेंगे. नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होने वाली है. उन्होंने कहा कि पाकुड़ उपायुक्त बेहतर काम कर रहे हैं. जिले में 10वीं व 12वीं कक्षा के छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार के उद्देश्य से उपायुक्त के नेतृत्व में “प्रोजेक्ट परख तैयारी उड़ान की ” कार्यक्रम की शुरुआत की गयी है. जिला, प्रखंड एवं विद्यालय स्तर पर पुस्तकालय खोलने की योजना है. उपायुक्त के द्वारा “प्रोजेक्ट प्रयास हुनर से होनहार तक का सफर ” कार्यक्रम की परिकल्पना कर इसे साकार किया जा रहा है. केंद्र व राज्य सरकार से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी आमजनों तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से पॉडकास्ट कार्यक्रम का आयोजन होगा. पाकुड़ में पॉडकास्ट कक्ष का निर्माण कराया गया है. उन्होंने कहा कि सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना (एसजेकेवीवाइ) के तहत 01 सेन्टर पाकुड़ सदर में चल रहा है जिसमें 02 प्रकार का ट्रेड कोर्स चल रहा है. साथ ही दो नये सेंटर एसजेकेवीवाइ पाकुड़ में एवं ब्लॉक लेवल इंस्टिट्यूट फॉर रूलर स्कील एक्विजीशन (बीआइआरएसए) के तहत 01 सेंटर आमड़ापाड़ा में खोलने की प्रक्रिया चल रही है. जिले में अभी तक कुल 7,409 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिसमें 4,741 बच्चों को सर्टिफिकेट एवं 2032 बच्चों को देश के विभिन्न कंपनियों में नियुक्ति दिलाया गया है. 17 विभागों ने आकर्षक झाकियां निकाली. जिला परिवहन कार्यालय और मनरेगा को प्रथम स्थान, जिला वन प्रमंडल विभाग और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को द्वितीय स्थान व शिक्षा विभाग एवं जिला समाज कल्याण विभाग की झांकी को तृतीय स्थान प्रदान किया गया. झांकियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया.

47 लोगों को किया गया सम्मानित

गणतंत्र दिवस पर जिले में बेहतर काम करने वाले 47 पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया गया. सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इसमें एसडीओ साइमन मरांडी, एलआरडीसी मनीष कुमार, श्रम अधीक्षक रमेश प्रसाद सिंह, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, सीएससी मैनेजर संतोषिला हेंब्रम, पीएम आवास की जिला समन्वयक निभा कुमारी, जनसंपर्क कार्यालय की दीपाली साहा, आकांक्षी प्रखंड फेलो वंदना कुमारी आदि शामिल हैं. गणतंत्र दिवस पर मंत्री ने 14 लोगों को नियुक्ति-पत्र, जिसमें डीलरशिप, सेविका-सहायिका व ग्राम प्रधान शामिल हैं.

डीसी-एसपी ने अपने कार्यालय में किया झंडोत्तोलन

76वें गणतंत्र दिवस पर उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार समेत उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ साइमन मरांडी, जिला परिषद कार्यालय में जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणी हेंब्रम ने अपने-अपने कार्यालयों में झंडोत्तोलन किया और तिरंगे को सलामी दी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola