अग्निकांड पीड़ितों से मिलीं विधायक निसात आलम, राहत सामग्री व आर्थिक सहायता सौंपी
पृथ्वीनगर में अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मिलती विधायक निसात आलम | Prabhat Khabar Network
पाकुड़ के पृथ्वीनगर में अग्निकांड पीड़ितों से विधायक निसात आलम ने मुलाकात की और उन्हें राहत सामग्री व आर्थिक सहायता प्रदान कर हर संभव मदद का भरोसा दिया.
संवाददाता, पाकुड़
सदर प्रखंड की पृथ्वीनगर पंचायत के पृथ्वीनगर गांव में बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी आग में पांच मकान जलकर राख हो गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक निसात आलम रविवार को गांव पहुंचीं और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें राहत सामग्री व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई.
विधायक ने पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
इस दौरान विधायक ने पीड़ित परिवारों के बीच राशन, कपड़े एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया. साथ ही संबंधित अधिकारियों से शीघ्र सर्वे कराकर नियमानुसार मुआवजा दिलाने और सरकारी योजनाओं के तहत क्षतिग्रस्त मकानों के निर्माण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की.
जानकारी के अनुसार अग्निकांड में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, आवश्यक दस्तावेज तथा दैनिक उपयोग का अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. घटना के बाद परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है.
मौके पर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मानसारुल हक, पूर्व कोषाध्यक्ष असद हुसैन, पंचायत के मुखिया पति सेलिम हुसैन सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए