पूजा से पहले नगर परिषद को पार्षदों की चिट्ठी, पाकुड़ में सफाई से स्ट्रीट लाइट तक उठीं मांगें
नगर परिषद पदाधिकारी से बातचीत करते वार्ड पार्षद. | Prabhat Khabar Network
दुर्गापूजा, लक्ष्मी पूजा और काली पूजा को लेकर पाकुड़ नगर परिषद के पार्षदों ने बोर्ड बैठक की मांग की. स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर चर्चा होगी.
नगर प्रतिनिधि, पाकुड़: आगामी दुर्गापूजा, लक्ष्मी पूजा और काली पूजा को देखते हुए पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग तेज हो गयी है. पर्व-त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और पूजा पंडालों को देखते हुए वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद की सामान्य मासिक बोर्ड बैठक आयोजित करने की मांग की है.
इस संबंध में वार्ड पार्षद निभा देवी, अनिकेत गोस्वामी, कृष्णा शर्मा, पूनम देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, चेनु बीबी, रबिया बीबी, रियाज अंसारी, बिमल चंद्र राउत, राजा अंसारी और गुड्डू कुमार भगत ने संयुक्त रूप से कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी को आवेदन सौंपा.
पूजा पंडालों और सड़कों पर विशेष सफाई की मांग
पार्षदों ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है. शहर के विभिन्न हिस्सों में पूजा पंडाल भी स्थापित किये जाते हैं.
ऐसे में पूजा स्थलों, मुख्य सड़कों, गली-मोहल्लों और पंडालों के आसपास विशेष स्वच्छता व्यवस्था जरूरी होगी. पार्षदों ने नियमित कूड़ा उठाव और नालियों की सफाई कराने की मांग की है.
पेयजल और स्ट्रीट लाइट भी बनेगा मुद्दा
आवेदन में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की गयी है. जरूरत के अनुसार प्रमुख स्थानों और पूजा स्थलों के आसपास अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था कराने पर भी जोर दिया गया.
पार्षदों का कहना है कि पर्व के दौरान देर शाम और रात तक लोगों की आवाजाही रहती है. ऐसे में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रहना जरूरी है.
पूजा समितियों से समन्वय की मांग
पार्षदों ने पूजा समितियों और नगर परिषद के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया. उनका कहना है कि पर्व शुरू होने से पहले आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर नागरिक सुविधाओं से जुड़े काम पूरे किये जाने चाहिए.
इससे पूजा समितियों को भी व्यवस्थाओं के संबंध में नगर परिषद से समन्वय करने में सुविधा होगी.
अगले माह बोर्ड बैठक का आश्वासन
कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि संबंधित लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर आगामी माह सामान्य बोर्ड बैठक आयोजित की जाएगी.
बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक निर्णय लिये जाने की बात कही गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए