पाकुड़ में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, पेड़ गिरने से यातायात बाधित

पाकुड़. तेज हवाओं के साथ बुधवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया.
प्रतिनिधि, पाकुड़. तेज हवाओं के साथ बुधवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया. हालांकि शहर के कई इलाकों में जलभराव और पेड़ों की डालियां गिरने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा. दोपहर से ही आसमान में बादलों और सूरज के बीच आंख-मिचौली का दौर चलता रहा. करीब 2 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गये. इसके कुछ ही देर बाद तेज बारिश शुरू हो गयी. इसने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. तेज हवा और बारिश के कारण कई इलाकों में पेड़ों की डालियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जबकि कुछ स्थानों पर पेड़ भी धराशायी हो गए. इससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा. स्थानीय लोगों की मदद से कई जगहों पर सड़क से डालियां हटाई गईं, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों के सड़कों पर पानी जमा हो गया. जलभराव की वजह से राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई. शहर के हाटपाड़ा, गांधी चौक सहित कई इलाकों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर पानी जमा हो गया. इससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई हुई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










