प्रकृति की खूबसूरती देखनी है, तो पेशरार आइये

लोहरदगा जिला प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की असीम संभावनाओं से भरपूर है.
विश्व पर्यटन दिवस पर विशेष
गोपी कुंवर लोहरदगा: लोहरदगा जिला प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की असीम संभावनाओं से भरपूर है. यहां की वादियां, जलप्रपात और हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करती हैं. विशेष रूप से पेशरार प्रखंड क्षेत्र, जो कभी नक्सल प्रभावित इलाका था, आज विकास और शांति की मिसाल बन चुका है. यहां का लावापानी जलप्रपात और केकरांग झरना प्रकृति की अनुपम देन हैं, जो इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने की पूरी क्षमता रखते हैं. लावापानी जलप्रपात : सात स्तरों पर गिरता हैलावापानी जलप्रपात जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. यह जलप्रपात सात स्तरों पर गिरता है, जो इसे और भी मनोहारी बनाता है. यहां का दृश्य इतना आकर्षक है कि लोग परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आते हैं. सोशल मीडिया पर लावापानी के दृश्य खूब साझा किये जाते हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है. सेल्फी प्रेमियों और वीडियो निर्माताओं के लिए यह स्थान किसी स्वर्ग से कम नहीं.
कभी उग्रवादियों का गढ़ था पेशरारपेशरार क्षेत्र की बात करें, तो यह कभी उग्रवादियों की गतिविधियों से प्रभावित था. गोलियों की तड़तड़ाहट और बम धमाकों से लोग भयभीत रहते थे. पुलिस भी यहां जाने से कतराती थी, लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से यहां विकास की बयार बहने लगी. सड़कें बेहतर हुईं, लोग आत्मनिर्भर बने और अब पेशरार एक शांत और सुरक्षित क्षेत्र के रूप में जाना जाता है. यहां के लोग अब भयमुक्त जीवन जी रहे हैं और पर्यटक भी बिना किसी हिचकिचाहट के यहां आने लगे हैं.
ठोस कदम उठाया जाये, तो रोजगार भी मिल सकता हैप्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ यहां के लोग भी अब विकास की ओर अग्रसर हैं. यदि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठायें, तो न केवल क्षेत्र का विकास होगा बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा. तत्कालीन पर्यटन सचिव राहुल शर्मा ने इस क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों को निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




