लोहरदगा में नववर्ष का भव्य आगाज : प्रकृति की गोद और देवालयों में उमड़ा जनसैलाब

लोहरदगा में नववर्ष का भव्य आगाज : प्रकृति की गोद और देवालयों में उमड़ा जनसैलाब
लोहरदगा़ जिले में नववर्ष 2026 का स्वागत अत्यंत गर्मजोशी और उत्साह के साथ किया गया. साल के पहले दिन लोगों का जोश देखते ही बन रहा था. सुबह से ही जिले के पर्यटन स्थलों और देवालयों में भारी भीड़ लगी रही. लोग दोस्तों और परिवार के साथ प्रकृति की गोद में जश्न मनाने निकले, जिससे जिले के जलप्रपात और पिकनिक स्पॉट पूरी तरह गुलजार नजर आयें. आकर्षण का केंद्र रहे जलप्रपात और पिकनिक स्पॉट : जिले के प्रसिद्ध धरधरिया जलप्रपात में सुबह से ही सैलानियों का तांता लगा रहा. सेन्हा प्रखंड में स्थित इस जलप्रपात का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को अपनी ओर खींच रहा है. यहां पहुंचे पर्यटकों का कहना था कि पहाड़ों से घिरा शांत वातावरण और पक्षियों की चहचहाहट मन को असीम सुकून प्रदान करती है. धरधरिया के अलावा लावापानी जलप्रपात, नंदगांव फार्म, बगड़ू पहाड़, अजय उद्यान और नंदनी डैम में भी लोगों ने जमकर मस्ती की. प्रकृति प्रेमी इन स्थानों पर भोजन बनाकर और संगीत की धुन पर थिरकते हुए नये साल का आनंद लेते दिखे. देवालयों में उमड़ी आस्था, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम : जहां एक ओर पर्यटन स्थलों पर जश्न का माहौल था, वहीं, दूसरी ओर धार्मिक स्थलों पर आस्था का सैलाब उमड़ा. भंडरा के अखिलेश्वर धाम, खखपरता के प्राचीन शिव मंदिर, महादेव मंडा, बरवाटोली स्थित मनोकामना दुर्गा मंदिर और कोरांबे के जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका और नये साल की मंगलकामना की. सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. संवेदनशील स्थानों और पिकनिक स्पॉट पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी, जिससे कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली. जमकर हुआ मांस-मदिरा का कारोबार : लोहरदगा जिले में नये वर्ष के पहले दिन खान-पान के शौकीनों के कारण मांस और मदिरा की रिकॉर्ड बिक्री हुई. सुबह से ही मटन, मुर्गा और मछली की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं. यही स्थिति शराब की दुकानों पर भी देखी गयी, जहां दुकान खुलने के साथ ही मदिरा प्रेमियों की भीड़ जुटने लगी थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




