ईद की नमाज का समय तय, सुबह 8:30 बजे ईदगाह में होगी पहली जमात

ईद की नमाज का समय तय, सुबह 8:30 बजे ईदगाह में होगी पहली जमात
लोहरदगा़ अंजुमन इस्लामिया द्वारा ईद को लेकर ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज का समय तय किया गया है. इसकी जानकारी अंजुमन इस्लामिया के सदर अब्दुल रउफ अंसारी व सचिव शाहिद अहमद बेलू ने संयुक्त रूप से दी है. उन्होंने बताया कि ईद की मुख्य और पहली जमात सुबह 8:30 बजे ईदगाह में अदा की जायेगी. इसकी इमामत जामा मस्जिद के खतीब व इमाम हजरत मौलाना कारी शमीम आलम रिजवी साहब करेंगे. नमाजियों से अपील की गयी है कि वे अपने साथ जाय नमाज जरूर लेकर आयें. दूसरी जमात सुबह 8:45 बजे जामा मस्जिद और बेलाल मस्जिद को छोड़कर शहर की अन्य तमाम मस्जिदों में होगी, जहां संबंधित मस्जिदों के इमाम नमाज अदा करायेंगे. तीसरी और अंतिम जमात सुबह 9:15 बजे जामा मस्जिद और बेलाल मस्जिद में होगी. जामा मस्जिद में हजरत हाफिज मेराज साहब और बेलाल मस्जिद में हजरत मौलाना कारी अब्दुल हमिद साहब इमामत करेंगे. इसके अलावा मंडल कारा में सुबह 8:00 बजे मौलवी अबुल कलाम तैगी नमाज अदा करायेंगे. अंजुमन पदाधिकारियों ने जिलेवासियों से त्योहार को आपसी प्रेम, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि खुदा की बारगाह में देश की तरक्की और अमन-चैन के लिए विशेष दुआएं मांगी जायें. साथ ही जरूरतमंदों की मदद के लिए जकात, फितरा और सदका की रकम अंजुमन के बैतुलमाल में जमा करने की गुजारिश की गयी है ताकि कौम व मिल्लत की खिदमत और जरूरतमंदों की मदद की जा सके. सदर अब्दुल रउफ अंसारी व सचिव शाहिद अहमद बेलू ने लोगों से 29वें रमजान को चांद देखने का एहतमाम करने और चांद दिखने पर तत्काल अंजुमन को सूचित करने को कहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




