एनटीपीसी की जनसुनवाई का विरोध, 25 को एनएच जाम करने की चेतावनी
Published by : SHAILESH AMBASHTHA Updated At : 21 May 2026 10:05 PM
एनटीपीसी की जनसुनवाई का विरोध, 25 को एनएच जाम करने की चेतावनी
बालूमाथ़ प्रखंड की धाधू पंचायत अंतर्गत हराफु विद्यालय के समीप गुरुवार को ग्राम प्रधान परमेश्वर गंझू की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक हुई. इसमें आगामी एक जून को प्रखंड सह अंचल कार्यालय में एनटीपीसी कोल कंपनी को लेकर प्रस्तावित जनसुनवाई कार्यक्रम पर चर्चा की गयी. ग्रामीणों ने इस जनसुनवाई का पुरजोर विरोध करते हुए इसे तत्काल रद्द करने की मांग की. ग्रामीणों ने कहा कि यदि कंपनी को जनसुनवाई करनी है, तो खनन क्षेत्र से प्रभावित और विस्थापित होने वाले लोगों के बीच गांव स्तर पर इसका आयोजन किया जाये. प्रखंड कार्यालय में जनसुनवाई करने का कोई औचित्य नहीं है. इस संबंध में पूर्व में भी ग्रामीणों ने लातेहार उपायुक्त को आवेदन सौंपकर जनसुनवाई रद्द करने की मांग कर चुके हैं. मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी : बैठक में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन तेज किया जायेगा. इसके तहत आगामी सोमवार 25 मई को खनन क्षेत्र के सभी आठ गांवों के विस्थापित लोग गेरेंजा-हराफु मोड़ पर एनएच-99 को पूरी तरह जाम करेंगे. जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने भी ग्रामीणों की इस मांग का पूर्ण समर्थन किया है. मौके पर सुरेश उरांव, परमेश्वर उरांव, रामनाथ लोहरा, भीखन लोहरा, बालकिशन यादव, अनिल उरांव, सीताराम यादव, विक्रम यादव, हरी लाल यादव, नागेंद्र यादव, बैजू उरांव, मनोरंजन यादव, बीरेंद्र उरांव, शिबू गंझू, महेश उरांव और कुलेश्वर गंझू सहित काफी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










