सड़क हादसे में नाना-नाती की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर रोड जाम

सड़क हादसे में नाना-नाती की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर रोड जाम
बारियातू़ रांची-चतरा मुख्य पथ पर कसारी गांव (सिमरिया) के समीप रविवार की रात भीषण सड़क हादसे में नाना और नाती की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान बारियातू के साल्वे पंचायत अंतर्गत जबरा निवासी सुकर प्रजापति (55 वर्ष) और उनके नाती आलोक प्रजापति (13 वर्ष) के रूप में हुई है. इस हादसे के बाद जबरा गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. तेज रफ्तार वाहन ने मोपेड को रौंदा : जानकारी के अनुसार, सुकर प्रजापति अपने नाती के साथ मोपेड (जेएच03एटी-6438) से सलगी स्थित रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी. सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. नाती का शव उसके पैतृक गांव चिरिदिरी (कान्हाचट्टी) ले जाया गया, जबकि नाना का शव जबरा लाया गया. एनएच पर वाहनों की लंबी कतार : सोमवार दोपहर आक्रोशित ग्रामीणों ने सुकर प्रजापति के शव के साथ जबरा मोड़ के समीप रांची-चतरा मुख्य पथ को जाम कर दिया. ग्रामीण मृतक के परिवार को मुआवजा, आश्रित को नौकरी और दोषी वाहन की पहचान की मांग कर रहे थे. जाम के कारण एनएच पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी, जिससे यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी. बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान मौके पर डटे रहे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास जारी था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










