पुलिस की पूछताछ के दौरान बेहोश हुई महिला की मौत

Updated:
विज्ञापन
पुलिस की पूछताछ के दौरान बेहोश हुई महिला की मौत

महिला की मौत के बाद लोगों में नाराजगी

विज्ञापन

: महिला की मौत के बाद लोगों में नाराजगी सतगावां. थाना क्षेत्र के टेहरो पंचायत स्थित भुताही गांव से दुखद मामला सामने आया है. यहां जमीन विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस की पूछताछ के दौरान 55 वर्षीया एक महिला अचानक बेहोश हो गयी, जिसकी देर रात मौत हो गयी. मृतका की पहचान भुताही निवासी ब्रह्मदेव राजवंशी की पत्नी सरसतिया देवी के रूप में की गयी है. इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है. बताया गया कि शनिवार दोपहर सतगावां थाना की पुलिस टीम जमीन विवाद के एक मामले की जांच के लिए भुताही गांव पहुंची थी. पुलिस टीम परिजनों से पूछताछ कर रही थी, इसी दौरान सरसतिया देवी अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं. परिजनों का आरोप है कि महिला के बेहोश होने के बाद भी पुलिस टीम ने संवेदनशीलता नहीं दिखायी और यह कहकर वहां से चली गयी कि पहले इसका इलाज करा लो, जांच बाद में की जायेगी. देर रात महिला ने दम तोड़ दिया. पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने सतगावां पुलिस और सीओ पर एकतरफा कार्रवाई करने और दूसरे पक्ष को फायदा पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है. ग्रामीणों के मुताबिक, ब्रह्मदेव राजवंशी का राजेंद्र रविदास के साथ पिछले तीन महीनों से जमीन विवाद चल रहा है, जिस जमीन पर ब्रह्मदेव राजवंशी का घर बना हुआ है, राजेंद्र रविदास उस पर अपना दावा कर रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा दोनों पक्षों को अलग-अलग स्थानों का पर्चा दिया गया है, इसके बाद भी राजेंद्र रविदास कथित तौर पर इनका घर तोड़कर जमीन पर कब्जा करना चाहता है. यह मामला पहले से अंचल कार्यालय में विचाराधीन था. इसी बीच राजेंद्र रविदास ने दोबारा थाने में आवेदन दे दिया, जिसके बाद पुलिस जांच करने पहुंची थी. दूसरी तरफ पुलिस ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और गलत बताया है. मामले को लेकर गश्ती दल के पदाधिकारी ने कहा थाने को मिले आवेदन के आलोक में गश्ती दल की टीम गांव में सिर्फ जमीन दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग करने गयी थी. इसी पूछताछ के दौरान महिला अचानक बेहोश हो गयी. महिला को अस्वस्थ देख परिजनों ने उन्हें संभालना शुरू किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मानवीय आधार पर कहा कि पहले इनका इलाज करा लें, फिर थाने में कागजात दिखा दीजियेगा. इसके बाद पुलिस वहां से लौट आयी. महिला की मौत के बाद भुताही गांव में मातम पसरा हुआ है. फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है.

विज्ञापन
Deepesh Kumar

लेखक के बारे में

By Deepesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola