घटिया सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 31 Mar 2026 8:19 PM
सतगावां के मरचोई में चार करोड़ 54 लाख की लागत से बन रही है सड़क
: सतगावां के मरचोई में चार करोड़ 54 लाख की लागत से बन रही है सड़क सतगावां. प्रखंड के मरचोई में सड़क मरम्मत कार्य में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों की लागत से बन रही यह सड़क पहली बारिश भी नहीं झेल पायेगी. उल्लेखनीय है कि बासोडीह मध्य विद्यालय से मरचोई होते हुए राजावर तक कुल 9.7 किमी सड़क मरम्मत का कार्य किया जा रहा है. इस पूरी योजना की प्राक्कलित राशि लगभग चार करोड़ 54 लाख रुपये है. यह सड़क क्षेत्र के लिए लाइफलाइन मानी जाती है, क्योंकि इससे तीन पंचायतों के हजारों लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है. विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि मरचोई में जो पीसीसी सड़क बनायी जा रही है, उसमें मानक की अनदेखी की गयी है. स्थिति यह है कि काम होने के अगले दिन से ही सड़क से सीमेंट धूल बनकर उड़ने लगा है और गिट्टियां बाहर निकल आयी हैं. बालू की पकड़ कमजोर होने के कारण सड़क अभी से ही उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि वे इस मामले की लिखित शिकायत कोडरमा उपायुक्त से करेंगे. ग्रामीणों ने कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराने व दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है. विरोध जताने वालों में मनोज कुमार, अश्विनी कुमार, अरुण कुमार सिंह, अनुज सिंह, कुंदन सिंह, रोहित कुमार, मुकेश सिंह, सौरव कुमार, अजय कुमार, गौरव सिंह, सोनू कुमार, रंजीत कुमार, रामाशीष सिंह, बरुन सिंह आदि शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










