महिला की मौत पर सदर अस्पताल में हंगामा
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 31 Mar 2026 8:17 PM
पुत्र के जन्मदिन को लेकर सफाई कार्य के दौरान गिर गयी थी महिला
हादसा. पुत्र के जन्मदिन को लेकर सफाई कार्य के दौरान गिर गयी थी महिला : सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में गयी जान, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप कोडरमा बाजार. सदर अस्पताल में इलाजरत एक महिला की मौत पर मंगलवार को परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. परिजन डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे. मृतक महिला की पहचान कोडरमा थाना क्षेत्र के इंदरवा निवासी 30 वर्षीय मीना देवी (पति तिलेश्वर साव) के रूप में हुई है. मृतका के परिजनों ने बताया कि मीना देवी के छोटे बेटे का मंगलवार को जन्मदिन था. इसको लेकर वह घर की साफ-सफाई कर रही थी. इसी बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और छज्जे से सिर टकराते हुए जमीन पर गिर कर घायल हो गयी. उसे सदर अस्पताल लाया गया, जहां करीब दो घंटे तक चले इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतका के परिजनों ने कहा कि इलाज में लापरवाही बरतने के कारण ही उसकी मौत हुई. हंगामा की जानकारी मिलते ही प्रभारी एसडीओ ओमप्रकाश मंडल और कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान दल बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन मृतक के परिजन अपनी मांगों पर अडिग रहे. काफी देर बाद एसडीओ के आश्वासन पर परिजन शांत किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. एसडीओ श्री मंडल ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी. वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को लेकर अभी तक किसी प्रकार की लिखित शिकायत नहीं की गयी है. लापरवाही का आरोप बेबुनियाद है : डॉ रंजीत मृतका के परिजनों के लापरवाही के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए डीएस डॉ रंजीत कुमार ने कहा कि अस्पताल के डॉक्टर्स द्वारा किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गयी है. परिजनों द्वारा लगाये गये आरोपों की जांच के लिए बोर्ड का गठन किया जायेगा. हालांकि, देर शाम तक कोई लिखित शिकायत नहीं की गयी है. जहां तक जानकारी मिली है कि परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










