नेहा राज हत्याकांड में खुलासे से पहले ससुराल वालों की कुटाई, मूकदर्शक बनी रही कोडरमा पुलिस
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 16 May 2026 4:08 PM
थाने में नेहा राज के ससुराल वालों की कुटाई करते मायके के लोग. फोटो: प्रभात खबर
Koderma News: कोडरमा में नेहा राज हत्याकांड को लेकर थाना परिसर में जमकर हंगामा हुआ. खुलासे से पहले नेहा राज के ससुराल पक्ष के लोगों की कुटाई कर दी गई. पुलिस मूकदर्शक बनी रही. मामले में अवैध संबंध और पारिवारिक विवाद की जांच जारी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट
Koderma News: झारखंड के कोडरमा में चर्चित नेहा राज हत्याकांड ने अब और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है. मामले के खुलासे से पहले शनिवार को कोडरमा थाना परिसर में ही जमकर हंगामा हुआ. नेहा राज के मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया. आरोप है कि नेहा के पति शंभू राणा के रिश्तेदारों की थाना परिसर में ही कुटाई कर दी गई, जबकि वहां मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे.
थाने में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा
जानकारी के अनुसार, नेहा राज हत्याकांड में पूछताछ के लिए शंभू राणा के कुछ रिश्तेदार कोडरमा थाना पहुंचे थे. इसी दौरान नेहा के मायके वाले भी वहां पहुंचे. दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मायके पक्ष के लोगों ने शंभू राणा के रिश्तेदार की कुटाई कर दी. थाना परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. घटना के दौरान पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि पुलिस वहां मौजूद रहने के बावजूद मारपीट रोकने में सक्रिय नहीं दिखी. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है.
शाम को होगा हत्याकांड का खुलासा
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने नेहा राज हत्या मामले में महत्वपूर्ण सुराग जुटा लिए हैं. पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शाम 4:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई है, जिसमें पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या में शंभू राणा और उसके एक रिश्तेदार की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है. इसके साथ ही पुलिस अवैध संबंध के एंगल पर भी जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और आपसी रिश्तों में तनाव इस हत्या की बड़ी वजह हो सकती है. हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है.
आठ साल पहले हुआ था अंतरजातीय विवाह
जानकारी के अनुसार करीब आठ वर्ष पूर्व नेहा राज ने बिच्छीपहरी निवासी शंभू राणा से अंतरजातीय विवाह किया था. इस शादी से दोनों परिवार खुश नहीं थे. बावजूद इसके दोनों पति-पत्नी साथ रह रहे थे और उन्होंने मिटको कॉलोनी में अपना घर बना लिया था. दोनों मिलकर कॉपी निर्माण का व्यवसाय चलाते थे. परिवार में उनका छह वर्ष का बेटा और डेढ़ वर्ष की बेटी है. बताया गया कि गुरुवार की दोपहर नेहा अपनी छोटी बेटी के साथ घर में अकेली थी. इसी दौरान किसी ने धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी.
बेटे के स्कूल से लौटने पर हुआ खुलासा
घटना का खुलासा तब हुआ जब नेहा का छह वर्षीय बेटा स्कूल से घर लौटा. घर पहुंचने पर उसने मां को खून से लथपथ हालत में देखा, जिसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई. उधर, शंभू राणा का कहना था कि वह कॉपी सप्लाई के काम से चौपारण गया हुआ था और उसे मोबाइल से घटना की जानकारी मिली. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सदर अस्पताल में शंभू राणा ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि नेहा के ससुराल वालों को यह शादी मंजूर नहीं थी. वहीं नेहा के मायके वालों ने पति और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया.
साक्ष्य मिटाने की कोशिश का शक
जांच के लिए पहुंची डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से कई अहम संकेत मिले हैं. जांच अधिकारियों के अनुसार हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है. घटनास्थल पर पोछा लगाए जाने के संकेत मिले हैं. हालांकि पुलिस को वहां एक जूते का निशान भी मिला है. कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान ने घटनास्थल से एक हेलमेट और चप्पल बरामद किया है, जो घर के लोगों का नहीं बताया जा रहा है. वहीं शंभू राणा ने पुलिस को बताया कि घर से एक लाल रंग का चाकू गायब है. घर के कुछ हिस्सों में खून के निशान भी मिले हैं.
इसे भी पढ़ें: परीक्षा परिणाम में हजारीबाग की रैंकिंग गिरने पर डीसी आहत, जिला स्कूल का किया दौरा
पति समेत कई लोगों से पूछताछ जारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार नेहा राज के पिता दशरथ यादव के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में नेहा के पति और ससुराल पक्ष के लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस इसी आधार पर पूछताछ कर रही है. फिलहाल पुलिस शंभू राणा के अलावा कॉपी फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस का मानना है कि यह हत्या काफी सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई है और जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकता है.
इसे भी पढ़ें: गुमला के रिमांड होम से तीन बालबंदी फरार, दुष्कर्म और चोरी का है आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










