क्रिकेट कमेटी पर मनमाने चुनाव और बाय-लॉज उल्लंघन का आरोप, जेएससीए से हस्तक्षेप की मांग

Updated:
विज्ञापन

मौके पर उपस्थित सदस्य. | Prabhat Khabar Network

कोडरमा में जिला क्रिकेट कमेटी पर वित्तीय अनियमितता और नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा है। खेल प्रेमियों ने कमेटी को भंग करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

विज्ञापन

झुमरीतिलैया: जिला क्रिकेट कमेटी पर बाय-लॉज के उल्लंघन, वित्तीय अनियमितता और मनमाने तरीके से चुनाव की तैयारी करने का आरोप लगाते हुए जिले के खेल प्रेमियों व सदस्यों ने कमेटी को तत्काल भंग करने की मांग की है. इस संबंध में आयोजित बैठक में जिला प्रशासन और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) से हस्तक्षेप कर चुनावी प्रक्रिया पर रोक लगाने तथा बाय-लॉज के अनुरूप नई वोटर लिस्ट तैयार कराने की मांग की गई.

बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना एजीएम आयोजित किए वर्तमान कमेटी अपनी मर्जी से सदस्यों के नाम जोड़ने और हटाने का काम कर रही है, जो नियमों के विरुद्ध है. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए पहले वैध सदस्य सूची का प्रकाशन जरूरी है.

सदस्यों ने कमेटी पर केपीएल का आयोजन नहीं कर फंड के गबन का आरोप भी लगाया. साथ ही कहा कि अंडर-16 टीम चयन मामले में उपायुक्त की जांच रिपोर्ट में भी कमेटी को दोषी ठहराया जा चुका है. आरोप लगाया गया कि पिछले तीन वर्षों से जिला क्रिकेट लीग का आयोजन नहीं कराया गया, जिससे जिले में क्रिकेट गतिविधियां प्रभावित हुई हैं.

इसके अलावा क्लबों और स्कूलों से रजिस्ट्रेशन शुल्क बैंकिंग व्यवस्था के बजाय नकद लेने को भी वित्तीय अनियमितता का संकेत बताया गया. बैठक में जिला प्रशासन और जेएससीए से वर्तमान कमेटी को भंग कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई. चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा.

मौके पर विशाल सूद, चंदन सिंह, हर्ष सिंह, सुनील कश्यप, विकास कुमार सिंह, अमित राय, नीरज कुमार, शाहिद हुसैन, मनोज झा, अजय शर्मा, शिवनंदन सिंह, राकेश यादव, सुयोग सिंह, समरजीत सिंह, सुजय मोदी, नीतीश कुमार, आदित्य कुमार, अभिराज गौतम, विभु लोहानी, हेमंत यादव, शेखर सोनी आदि मौजूद थे.


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola