देवघर से बिहार जा रही कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 3 लोगों की मौत; 15 की हालत गंभीर
दुर्घटनाग्रस्त बस और हादसे के बाद घायल कांवरिये
देवघर से बिहार जा रही कांवरियों से भरी बस सतगावां में ट्रक से भिड़ गई. हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 15 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए है सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया है.
सुधीर सिंह की रिपोर्ट
सतगावां (कोडरमा): सावन के पवित्र महीने में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर लेकर धार्मिक यात्राओं पर निकलते हैं. इसी क्रम में देवघर से नेपाल जा रही कांवरियों से भरी एक बस सतगावां थाना क्षेत्र के देवघर-नवादा मुख्य मार्ग स्थित पोखरडीहा मोड़ के पास हादसे का शिकार हो गई. हादसे में एक बच्चे सहित 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए है. गंभीर रूप से घायल सभी कांवरियों को इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा ले जाया गया है जहां सभी का इलाज चल रहा है.

देवघर से राजगीर जा रही थी बस, ड्राइवर को अचानक आई झपकी
जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले नेपाल से कांवरियों को लेकर एक बस देवघर गई थी. गुरुवार की रात बस बासुकीनाथ से खुलकर राजगीर (बिहार) के लिए रवाना हुई थी. शुक्रवार की अहले सुबह सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास बस चालक को झपकी आ गई. इसके कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. बस में सवार कांवरिया अंदर ही फंस गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य में जुट गए.
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चलाया बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे कांवरियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया. घंटों चले राहत और बचाव कार्य के बाद सभी कांवरियों को बस से बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी घायलों और बस में सवार अन्य कांवरियों को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवरियों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया.

बस में सवार थे करीब 45 कांवरिया
थाना प्रभारी बबलू सिंह ने बताया कि बस नेपाल से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए देवघर गयी थी. गुरुवार की रात बस बासुकीनाथ से राजगीर के लिए रवाना हुई थी. जांच में सामने आया है कि रात में बस चलाने के दौरान चालक को हल्की नींद आ गयी थी, जिसके कारण हादसा हुआ. उन्होंने बताया कि बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे. सभी को सुरक्षित बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत
हादसे में घायल एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान 10 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है. वहीं, दो अन्य लोगों की सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गयी. हादसे में करीब 15 कांवरियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है.
ये भी पढ़ें- बंद घर का ताला तोड़कर 3 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवर ले भागे चोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अर्चना कुजूर
अर्चना कुजूर एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जो वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कार्यरत हैं. वह झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के साथ-साथ राज्य की प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं. अर्चना ने वर्ष 2016 में क्राफ्ट फिल्म स्कूल, रोहिणी (नई दिल्ली) से टीवी जर्नलिज्म एंड न्यूज रीडिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा किया. इसके बाद उन्होंने नोएडा स्थित नेशनल वॉयस न्यूज और इंडिया वॉयस न्यूज चैनल (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) में इंटर्नशिप करने के साथ-साथ व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया.
झारखंड लौटने के बाद उन्होंने कशिश न्यूज चैनल में लगभग डेढ़ वर्ष तक आउटपुट विभाग में कॉपी राइटर के रूप में कार्य किया. इसके बाद रांची एक्सप्रेस में एजुकेशन बीट पर रिपोर्टिंग की और प्रिंट पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया. वर्ष 2022 से उन्होंने न्यूज11 भारत और नक्षत्र न्यूज चैनल में लगभग दो-दो वर्षों तक डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए राज्य की राजनीति, शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, योजनाओं और समसामयिक विषयों पर हजारों समाचार और विशेष लेख लिखें.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







