घायल पुलिस जवान नरेश कुमार ने तोड़ा दम, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

मृतक जवान के घर के पास जुटी भीड़. | Prabhat Khabar Network
धनबाद सड़क हादसे में घायल पुलिस जवान नरेश कुमार का इलाज के दौरान निधन हो गया। पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
हजारीबाग/चंदवारा. धनबाद-बरवाअड्डा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल चलकुशा थाना के पुलिस जवान नरेश कुमार की शुक्रवार को रांची के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. उनकी मौत की खबर से पुलिस महकमे के साथ-साथ उनके पैतृक गांव कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित बड़की धनराय गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.
जवान के पार्थिव शरीर को पहले हजारीबाग पुलिस केंद्र लाया गया, जहां एसपी अमन कुमार, पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रतिनिधियों एवं जवानों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. नरेश कुमार पिता रामसहाय यादव, कोडरमा जिले के बड़की धनराय गांव के निवासी थे.
14 जुलाई की सुबह चलकुशा थाना पुलिस हत्या के एक आरोपी की गिरफ्तारी कर मैथन से लौट रही थी. इसी दौरान धनबाद-बरवाअड्डा मार्ग पर पुलिस वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकरा गया था. हादसे में पुलिस जवान रामलखन यादव की मौके पर ही मौत हो गयी थी, जबकि नरेश कुमार समेत चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गये थे.
नरेश कुमार का रांची के अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. रांची में पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर हजारीबाग लाया गया, जहां पुलिस की ओर से पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी. इसके बाद शाम करीब 4.30 बजे तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर पुलिस वाहन से उनके पैतृक गांव बड़की धनराय पहुंचा.
गांव पहुंचते ही परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े. पार्थिव शरीर को करीब एक किमी तक पूरे सम्मान के साथ ले जाया गया. इस दौरान नरेश यादव अमर रहें और जब तक सूरज-चांद रहेगा, नरेश तेरा नाम रहेगा के बोल से पूरा इलाका गूंज उठा.
घटना की सूचना मिलने पर बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव भी गांव पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. बाद में स्थानीय मुक्तिधाम में राजकीय सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया. जवान की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










