JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में भाजपा की आक्रोश रैली, निष्पक्ष जांच की मांग

रैली में शामिल भाजपाई. | Prabhat Khabar Network
कोडरमा में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ भाजपा ने किया प्रदर्शन, युवाओं के भविष्य को लेकर जताई चिंता।
कोडरमा: प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा कोडरमा जिला इकाई के नेतृत्व में शनिवार को जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं धांधली के विरोध में गांधी चौक से जिला मुख्यालय तक आक्रोश रैली निकाली गयी. इसके बाद समाहरणालय परिसर के समीप धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गयी.
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष संगीता सिन्हा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री विजय यादव एवं संयोजन सूरज प्रताप मेहता ने किया. धरना में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. नरेश पंडित और रामनाथ सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे. अपने संबोधन में डॉ. नरेश पंडित ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है.
उन्होंने जेपीएससी एवं जेएसएससी की भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि झारखंड के लाखों युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आ रही कथित अनियमितताओं के कारण उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी.
पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांगरामनाथ सिंह ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी में सामने आये कथित घोटालों ने राज्य की भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
उन्होंने सरकार से दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की. जिला उपाध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों से बेरोजगार युवाओं में निराशा बढ़ी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का अभाव है और सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने से बच रही है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर अध्यक्ष संजय पासवान की सक्रिय भूमिका रही. इस अवसर पर किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रभाकर लाल रावत, जिला मंत्री सुनीति सेठ, कामिनी देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










