ePaper

डोमचांच : अध्यक्ष से एक, पार्षद के आठ प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया

Updated at : 06 Feb 2026 9:55 PM (IST)
विज्ञापन
डोमचांच : अध्यक्ष से एक, पार्षद के आठ प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया

अध्यक्ष पद से नामांकन करने वाले अजय कृष्ण ने अपना नाम वापस ले लिया

विज्ञापन

अध्यक्ष पद के लिए अब सात प्रत्याशी मैदान में डोमचांच. नगर पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन वापसी के दिन प्रखंड कार्यालय में अलग-अलग तस्वीरें दिखीं. सुबह से जहां पुलिस प्रशासन पूरी तरह स्थिति पर नजर बनाये हुए था, वहीं इस बीच अध्यक्ष सहित वार्ड से पार्षद पद के प्रत्याशी नाम वापस लेने के लिए पहुंचे. अध्यक्ष पद से नामांकन करने वाले अजय कृष्ण ने शुक्रवार को अपना नाम वापस ले लिया, जबकि विभिन्न वार्ड से पार्षद पद के आठ उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया है. पार्षद पद से नाम वापस लेने वालों में वार्ड एक से आरती देवी, वार्ड नंबर 11 से सरिता देवी, राखी कुमारी, सुभद्रा देवी व काजल कुमारी, वार्ड नंबर 12 से अमर रजक शामिल हैं. इसके अलावा वार्ड नंबर 13 से पंकज मेहता व वार्ड नंबर छह से भी एक नामांकन वापस लिया गया है. नाम वापसी के बाद अब वार्ड नंबर एक में पांच, दो में तीन, तीन में चार, चार में पांच, पांच में शून्य, छह में चार, सात में तीन, आठ में पांच, नौ में सात, 10 में पांच, 11 में शून्य, 12 में तीन, 13 में दो, 14 में तीन कुल 49 उम्मीदवार पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ेंगे. बता दें कि डोमचांच में होल्डिंग टैक्स सहित अन्य मुद्दों को लेकर लगातार नगर पंचायत को भंग करने की मांग उठती रही है. शुक्रवार को भी लोगों के विरोध की बात पता चलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ. प्रशासन ने सुबह में एसडीओ ओमप्रकाश मंडल के नेतृत्व में फ्लैग मार्च भी किया. हालांकि, बाद में अध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी ने नाम वापस लिया. अब अध्यक्ष पद पर उमेश वर्मा, पप्पू मेहता, रोहित मेहता, बसंत मेहता, राज कुमार मेहता, सूरज उजाला, संतोष यादव मैदान में बचे हैं. वार्ड नंबर 11 से चारों प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया नामांकन वापसी के दिन हैरान करने वाली तस्वीर सामने आयी. वार्ड नंबर 11 से सभी चार प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया. इस वजह से अब इस वार्ड से एक भी प्रत्याशी मैदान में नहीं बचा है, जबकि वार्ड नंबर पांच से पहले ही एक भी नामांकन नहीं हुआ था. इस तरह नगर पंचायत डोमचांच क्षेत्र से दो वार्ड में एक तरह से पार्षद पद के लिए चुनाव नहीं होगा. मुख्य गेट पर रोके जाने से उठे सवाल नाम वापसी के दिन प्रखंड मुख्यालय में दोपहर में अलग स्थिति दिखी. वार्ड नंबर सात से खड़ी तीन महिला उम्मीदवार प्रखंड कार्यालय जाने के लिए पहुंची, पर गेट से इंट्री नहीं मिल रही थी. इसको लेकर प्रशासनिक भूमिका पर सवाल उठे. उस समय मीडिया से बातचीत में इन प्रत्याशियों ने कहा कि स्वेच्छा से वे नाम वापस लेने आये हैं. प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे, तो कुछ देर बाद इन्हें अंदर प्रवेश दिया गया. हालांकि, जब ये तीन बजे के बाद बाहर निकलीं, तो किसी ने नाम वापस नहीं लिया. ऐसे में आशंका है कि कुछ लोगों के दबाव में ये नामांकन वापस लेने पहुंची थीं.

विज्ञापन
DEEPESH KUMAR

लेखक के बारे में

By DEEPESH KUMAR

DEEPESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola