कोडरमा में भाजपा का सड़क जाम, सीओ से तीखी नोकझोंक; 6 कार्यकर्ता हिरासत में
झंडा चौक पर बीच सड़क पर बैठ भाजपा नेताओं ने इस तरह जताया विरोध. | Prabhat Khabar Network
झुमरीतिलैया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड बंद के दौरान सड़क जाम किया और सीओ के वाहन को रोका। पुलिस ने छह नेताओं को हिरासत में लिया।
झुमरीतिलैया,कोडरमा: रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर पुलिस प्रशासन द्वारा किये गये लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा प्रदेश कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को बुलाये गये झारखंड बंद का कोडरमा जिले में कोई खास असर नहीं दिखा. हालांकि, जगह-जगह भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और विरोध दर्ज कराया. नेताओं ने झुमरीतिलैया में कुछ दुकानों को बंद कराया, लेकिन कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गयी.
झंडा चौक पर आधे घंटे तक जाम
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्टेशन रोड, झंडा चौक, डॉक्टर गली, हटिया रोड समेत कई इलाकों का भ्रमण किया. इसके बाद झंडा चौक पर करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित रहा.
सरकारी वाहन फंसने पर सीओ से नोकझोंक
सड़क जाम के दौरान कोडरमा सीओ रवि भूषण प्रसाद का सरकारी वाहन भी जाम में फंस गया. सीओ ने जाम हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन एक कार्यकर्ता सरकारी वाहन के आगे लेट गया और वाहन को आगे नहीं बढ़ने दिया. इस दौरान सीओ और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई. बाद में सीओ को वापस लौटना पड़ा.
छह भाजपा कार्यकर्ता हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ प्रमोद केशरी और तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सड़क जाम कर बैठे भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. नरेश पंडित, रामनाथ सिंह, नरेंद्र पाल, सांकेत सिंह और अविनाश चंद्रवंशी सहित छह कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया. सभी को कुछ देर थाना में रखने के बाद पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया.
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में नारेबाजी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार पूरी तरह निरंकुश हो गयी है. जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना पूरी तरह गलत है. सड़क जाम के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की.
मौके पर शिवेंद्र नारायण, सुभाष मोदी, विशाल भदानी, अरसद खान, देवनारायण मोदी, झुमरीतिलैया नगर अध्यक्ष उत्तरी इंद्रदेव वर्णवाल, नगर अध्यक्ष दक्षिणी नवीन चौधरी, पप्पू भदानी, सुनील बड़गवे, चंद्रशेखर जोशी, राजेश सिन्हा, महादेव दास, राजेश वर्मा, सचिन कपसिमे, विकास जैन, सुनिती सेठ, सबीता अठघरा, लक्ष्मी वर्णवाल, रेखा भदानी, ज्योति पहाड़ी समेत अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










