JJ College पर तालाबंदी! VBU से हटाने के विरोध में छात्रों का आंदोलन तेज
धरना पर बैठे विद्यार्थी व समिति के लोग. | Prabhat Khabar Network
विनोबा भावे विश्वविद्यालय से जेजे कॉलेज को हटाने के विरोध में छात्रों और अभिभावकों ने कॉलेज में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है।
कोडरमा: विनोबा भावे विश्वविद्यालय से जेजे कॉलेज को हटाने का मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है. मंगलवार को जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा. संघर्ष समिति के सदस्यों ने मंगलवार को जेजे कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर दी, जिससे कॉलेज का कामकाज प्रभावित रहा.
वीबीयू से हटाकर जेसी बोस विश्वविद्यालय में स्थानांतरण का विरोध
जेजे कॉलेज समेत जिलेभर के डिग्री कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय से हटाकर गिरिडीह में निर्माणाधीन जेसी बोस विश्वविद्यालय में स्थानांतरित करने की योजना को लेकर छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. छात्र लगातार धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं.
25 हजार से अधिक छात्रों का मुद्दा : अभिभावक
धरना को संबोधित करते हुए अभिभावक शिल्पी सिंह ने कहा कि परिस्थितियों से लड़ते हुए सकारात्मक रुख अपनाकर लंबी से लंबी लड़ाई जीती जा सकती है. उन्होंने कहा कि राज्य के लिए भले ही जेजे कॉलेज का मुद्दा मामूली लगे, लेकिन कोडरमा के लिए यह 25 हजार से अधिक छात्रों और उनके परिवारों से जुड़ा विषय है. छात्रों की एकजुटता के सामने सरकार और सिस्टम को उनकी मांगें माननी ही पड़ेंगी. उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों और छात्रों से आंदोलन के समर्थन में आगे आने की अपील की.
छात्रों ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की
छात्राओं अनमोल कुमारी, खुशी कुमारी और सोनी कुमारी ने कहा कि छात्रों के हक और अधिकार की लड़ाई उनके सीनियर लड़ रहे हैं. उन्होंने जिलेभर के छात्र-छात्राओं से आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया.
विभिन्न दलों के नेताओं ने दिया नैतिक समर्थन
धरना को जेएलकेएम के प्रवक्ता रविशंकर यादव, जयनगर के समाजसेवी सुरेंद्र भाई मोदी, राजद नेता विजय यादव, कांग्रेस नेता सईद नसीम, तौफीक हुसैन और रामकुमार वर्णवाल ने भी संबोधित किया. सभी ने आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया.
स्वतंत्रता दिवस के कारण भूख हड़ताल स्थगित
समिति के अध्यक्ष महेश भारती और सचिव देवेंद्र कुमार ने बताया कि आंदोलन चरणबद्ध और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा. पहले भूख हड़ताल करने की घोषणा की गयी थी, लेकिन स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए फिलहाल भूख हड़ताल का निर्णय स्थगित कर दिया गया है. आंदोलन के तहत अनिश्चितकालीन धरना और तालाबंदी को प्रभावी तरीके से जारी रखने का निर्णय लिया गया है.
मौके पर खुशबू पासवान, शिवानी कुमारी, रिमझिम कुमारी, शालू गुप्ता, अमीषा कुमारी, मीनाक्षी कुमारी स्वामी, आशा गोस्वामी, विनीत श्रीवास्तव, अनुष्का गुप्ता, सुजाता कुमारी, खुशबू कुमारी, सिमरन शेखर, पूनम कुमारी, निशा कुमारी, सिंटू कुमारी, चांदनी कुमारी, ज्योति कुमारी, मनीषा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, नेहा वर्मा, पल्लवी गोस्वामी, राहुल कुमार, भोला गिरी, आकाश कुमार सिंह, सौरभ कुमार, अरमान भारती, हर्ष कुमार, गौतम कुमार, राहुल कुमार, सत्यजीत आनंद, अंजली कुमारी, श्वेता सिंह समेत अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










