चंदवारा डिग्री कॉलेज में जल्द भरेंगे पद! 21 शिक्षक और 15 गैर-शैक्षणिक पदों का पुनर्गठन

Updated:
विज्ञापन

बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने विधानसभा में चंदवारा डिग्री कॉलेज में शिक्षकों और कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया, सरकार ने नियुक्ति का दिया आश्वासन।

विज्ञापन

चंदवारा,कोडरमा: बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने विधानसभा के चल रहे सत्र के दौरान कोडरमा जिले के चंदवारा डिग्री कॉलेज में शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. विधायक ने सरकार से पूछा कि कॉलेज में पिछले तीन वर्षों से विभिन्न संकायों में विद्यार्थियों का नामांकन लिया जा रहा है और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, इसके बावजूद स्थायी शिक्षकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति क्यों नहीं की गयी है.

तीन वर्षों में 751 विद्यार्थियों का नामांकन

विधायक के तारांकित प्रश्न के जवाब में झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने बताया कि चंदवारा डिग्री कॉलेज में कला एवं वाणिज्य संकाय में पिछले तीन वर्षों में कुल 751 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है. कॉलेज में कला संकाय के हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और दर्शनशास्त्र के साथ वाणिज्य संकाय में भी पिछले तीन वर्षों से नामांकन लिया जा रहा है.

21 शिक्षकों के पदों का हुआ पुनर्गठन

शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की कमी को लेकर सरकार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों एवं उनके अंतर्गत आने वाले अंगीभूत महाविद्यालयों में शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों के पदों का पुनर्गठन किया गया है. इसी क्रम में चंदवारा डिग्री कॉलेज के लिए 21 शिक्षकों के पदों का पुनर्सृजन एवं पुनर्गठन विभागीय संकल्प संख्या-1637, दिनांक 4 अगस्त 2026 के माध्यम से किया गया है.

प्राचार्य समेत 15 गैर-शैक्षणिक पद स्वीकृत

इसके अलावा विभागीय संकल्प संख्या-903, दिनांक 29 अप्रैल 2026 के माध्यम से कॉलेज में एक प्राचार्य और 15 गैर-शैक्षणिक कर्मियों के पदों का भी पुनर्गठन किया गया है. सरकार के अनुसार इन पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मियों के रोस्टर क्लीयरेंस की कार्रवाई की जा रही है.

रोस्टर क्लीयरेंस के बाद होगी नियुक्ति

सरकार ने विधानसभा में बताया कि रोस्टर क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई की जाएगी. विधायक मनोज यादव ने सरकार से यह भी जानना चाहा कि स्वीकृत पदों पर नियमित प्राध्यापकों एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की पदस्थापना कब तक की जाएगी. इसके जवाब में सरकार ने कहा कि इस संबंध में कार्रवाई पूर्व में दिये गये जवाब में निहित है.

नियुक्ति की उम्मीद जगी

विधानसभा में विधायक मनोज यादव द्वारा मामला उठाये जाने के बाद चंदवारा डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों और क्षेत्र के लोगों में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर उम्मीद जगी है. लंबे समय से शिक्षकों की कमी का सामना कर रहे कॉलेज में 21 शिक्षक, एक प्राचार्य और 15 गैर-शैक्षणिक पदों के पुनर्गठन के बाद अब रोस्टर क्लीयरेंस पूरा होने और नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है.


विज्ञापन
Rajesh

लेखक के बारे में

By Rajesh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola