डोमचांच में वाहन जांच कर रही टीम पर पथराव, स्टोन चिप्स लदे वाहनों को जब्त करने पर भड़के लोग
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Jan 2020 9:09 PM
– पथराव में बीडीओ, थाना प्रभारी व अन्य चोटिल, एसडीओ व अन्य के वाहनों के शीशे भी टूटे प्रतिनिधि, डोमचांच (कोडरमा) कोडरमा-जमुआ पथ स्थित छाबड़ा पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को खनिज पदार्थ लदे वाहनों की जांच कर रही प्रशासनिक टीम को यहां भारी विरोध का सामना करना पड़ा. थाना से महज कुछ दूरी पर […]
– पथराव में बीडीओ, थाना प्रभारी व अन्य चोटिल, एसडीओ व अन्य के वाहनों के शीशे भी टूटे
प्रतिनिधि, डोमचांच (कोडरमा)
कोडरमा-जमुआ पथ स्थित छाबड़ा पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को खनिज पदार्थ लदे वाहनों की जांच कर रही प्रशासनिक टीम को यहां भारी विरोध का सामना करना पड़ा. थाना से महज कुछ दूरी पर मामला इतना बिगड़ा की लोगों की भीड़ ने प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया. पथराव में डोमचांच बीडीओ मनीष कुमार, थाना प्रभारी अरुण कुमार पटेल व एएसआई रामचंद्र पासवान चोटिल हो गये.
घटना के दौरान यहां अफरा-तफरी का माहौल रहा. पदाधिकारी व जवान खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे. पुलिस व प्रशासन की टीम ने कुछ देर बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया. हालांकि, आक्रोशित भीड़ जब्त किये गये आधा दर्जन से अधिक ट्रकों को भगा ले जाने में सफल रही. इस घटना के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया.
समाचार लिखे जाने तक घटनास्थल पर भारी पुलिस बल कैंप कर रहा था, जबकि जिले के वरीय अधिकारी भी वहां जमे थे. जानकारी के अनुसार एसडीओ विजय वर्मा, डीएमओ मिहिर सलकर व अन्य के नेतृत्व में शाम चार बजे जिला खनन टास्क फोर्स की टीम पेट्रोल पंप के सामने स्टोन चिप्स व अन्य खनिज पदार्थ लदे वाहनों की जांच कर रही थी. इस दौरान स्टोन चिप्स लदे 11 ट्रकों व एक बालू लदे ट्रैक्टर में चालान नहीं पाया गया. ऐसे में पदाधिकारियों ने उक्त वाहनों को जब्त कर ब्लॉक मैदान में रखने का निर्णय लिया और इसके लिए प्रक्रिया शुरू हुई.
इस बीच यह सूचना पूरे पत्थर व्यवसाय से जुड़े लोगों के बीच फैल गयी और लोग मौके पर एकत्र होने लगे. इससे पहले एक ट्रक को जब्त कर थाना पहुंचाया गया था, जबकि अन्य ट्रकों को ले जाने के दौरान लोग विरोध में उतर आये और लाठी-डंडा के साथ प्रहार करने के साथ ही पथराव शुरू कर दिया. आक्रोशित लोगों ने प्रशासन की दो गाड़ियों (नंबर जेएच-12ई-0009 व जेएच-12सी-3888) व एक अन्य वाहन का शीशा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया. क्षतिग्रस्त वाहन एसडीओ, बीडीओ व थाना के बताये जाते हैं.
करीब नौ ट्रकों को भगा ले गये लोग
इस पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम मात्र स्टोन चिप्स लदे एक ट्रक को जब्त कर थाना ला पायी, जबकि एक अन्य बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया गया. वहीं, एक अन्य ट्रक का हवा निकाल दिये जाने के कारण लोग इसे भगा नहीं ले जा सके. इसके विपरीत प्रशासन की ओर से जब्त किये गये करीब नौ ट्रकों को लोग जबरन भगा ले गये. पथराव व लोगों के विरोध के बीच प्रशासनिक टीम कुछ नहीं कर पायी.
जब्त ट्रक में जेएच-12जी-7428 व घटनास्थल पर खड़े ट्रक में जेएच-12ए-8148 शामिल है. इन दोनों पर स्टोन चिप्स लदा है. इससे पहले पथराव होते देख आसपास की सभी दुकाने बंद हो गयी. लोग इधर उधर भागने लगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










