ePaper

खूंटी के सोदे गांव में बच्चा चोरी के शक में युवक की पिटाई, पुलिस ने बचाई जान

Updated at : 06 Mar 2026 9:13 AM (IST)
विज्ञापन
Khunti News

खूंटी के सोदे गांव में बच्चा चोरी के शक में पेड़ से बांधकर युवक की पिटाई करती भीड़. फोटो: प्रभात खबर

Khunti News: खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र के सोदे गांव में बच्चा चोरी की आशंका में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पेड़ से बांधकर पीट दिया. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को भीड़ से बचाया और अस्पताल में इलाज कराया. पुलिस ने बच्चा चोरी की अफवाह को बेबुनियाद बताया है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

रनिया से भूषण कांसी की रिपोर्ट

Khunti News: झारखंड के खूंटी जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक युवक की जान पर बन आई. रनिया थाना क्षेत्र के सोदे गांव में ग्रामीणों ने एक युवक को बच्चा चोरी के शक में पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाकर उसकी जान बचाई और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

संदिग्ध हालत में बच्चे के साथ जा रहा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, रनिया निवासी लच्छू कुमार गुरुवार 5 मार्च की शाम करीब पांच बजे सोदे गांव के एक नौ वर्षीय बच्चे को अपने साथ लेकर कोयल नदी की ओर जा रहा था. बताया जा रहा है कि उस समय युवक नशे की हालत में था. गांव के कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी तो उन्हें स्थिति संदिग्ध लगी. ग्रामीणों को लगा कि युवक बच्चे को बहला-फुसलाकर कहीं ले जा रहा है. इसी शक के आधार पर गांव में बच्चा चोरी की आशंका की खबर तेजी से फैल गई. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गये.

भीड़ ने युवक को पकड़कर पेड़ से बांधा

बच्चा चोरी की आशंका से गुस्साए ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया. इसके बाद उसे पास के एक पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया गया. बताया जाता है कि आक्रोशित लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान युवक खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन भीड़ के गुस्से के सामने उसकी एक नहीं सुनी गई. घटना के दौरान गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया. कुछ लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इसकी सूचना रनिया थाना पुलिस को दे दी.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही रनिया थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई. पुलिस टीम सोदे गांव पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर युवक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया. पुलिस ने युवक को अपने साथ थाना ले लिया. इस दौरान युवक बुरी तरह घायल हो चुका था. उसके शरीर पर मारपीट के कई निशान थे. पुलिस ने तुरंत मानवीय पहल करते हुए उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रनिया पहुंचाया.

अस्पताल में कराया गया इलाज

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार किया. पुलिस की निगरानी में उसका इलाज कराया गया. फिलहाल युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है. इलाज के बाद पुलिस उसे थाने ले आई और मामले की विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें: गेतलसूद वाइन शॉप फायरिंग कांड का खुलासा : हथियार के साथ तीनों बदमाश गिरफ्तार

पुलिस ने बच्चा चोरी की अफवाह को बताया बेबुनियाद

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने बच्चा चोरी की घटना को बेबुनियाद बताया है. पुलिस का कहना है कि अभी तक ऐसी कोई ठोस बात सामने नहीं आई है जिससे बच्चा चोरी की पुष्टि हो सके. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में न लें. यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या भीड़ हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है.

इसे भी पढ़ें: दुबई में फंसे झारखंड के तीन कारोबारी, वतन वापसी की कोशिश लगातार जारी

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola