अवैध खनन पर खूंटी प्रशासन सख्त, बालू घाटों से खनन-भंडारण और परिवहन पर रोक के निर्देश

बैठक में उपस्थित उपायुक्त, एसपी, डीएफओ और अन्य | Prabhat Khabar Network
खूंटी में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में उपायुक्त ने अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को छापेमारी के सख्त निर्देश दिए हैं.
खूंटीः समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में जिले में खनिज पदार्थों के अवैध खनन, अवैध भंडारण और अवैध परिवहन की रोकथाम को लेकर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने, अवैध खनन स्थलों की पहचान कर संयुक्त रूप से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिला खनन टास्क फोर्स आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अवैध खनन और परिवहन के मार्गों पर विशेष निगरानी रखे. जिला खनन पदाधिकारी को अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने बालू सहित अन्य खनिजों के अवैध खनन, अवैध भंडारण और अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाए. वर्तमान में जिले के सभी बालू घाट पूर्णतः बंद हैं. किसी भी परिस्थिति में बालू घाटों से खनन, भंडारण अथवा परिवहन नहीं होना चाहिए. साथ ही सभी स्टॉक का नियमित मिलान करने का भी निर्देश दिया.
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित जांच अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार यादव, अपर समाहर्ता, डीएसपी मुख्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By चंदन कुमार
चंदन कुमार ने करियर की शुरुआत 1996 में प्रभात खबर से की. ऑल इंडिया रेडियो, सहारा समय टीवी, इंडिया टुडे एवं राष्ट्रीय सहारा में कार्य अनुभव. यात्रा वृतांत,साहित्य, सामाजिक बदलाव एवं कानूनी मामले की खबरों में रुचि. वर्तमान में मधेपुरा से खबरों का संकलन करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










