UP में सुहाना होगा सफर, दिसंबर से 18 शहरों में दौड़ेंगी 1225 नई AC ई-बसें, अकेले लखनऊ को 300 का तोहफा

18 शहरों में उतरेंगी 1225 नई AC ई-बसें (AI सांकेतिक तस्वीर)
UP News: उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है. दिसंबर से 18 नगर निगमों में 1225 नई AC इलेक्ट्रिक बसें शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक और प्रदूषण-मुक्त सफर का अनुभव मिलेगा. लखनऊ को इसमें सबसे बड़ा हिस्सा मिलेगा.
UP News: उत्तर प्रदेश के शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. प्रदेश के 18 नगर निगम क्षेत्रों में दिसंबर से चरणबद्ध तरीके से 1225 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें उतारी जाएंगी. इनमें सबसे अधिक 300 बसें लखनऊ को मिलेंगी. इन बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त सफर की सुविधा मिलने की उम्मीद है.
लखनऊ को मिलेगा सबसे बड़ा हिस्सा
राज्य सरकार के प्रस्ताव के अनुसार 18 नगर निगमों में फिलहाल जरूरत के मुकाबले बहुत कम सिटी बसें संचालित हो रही हैं. जहां प्रदेश के शहरों में छह हजार से अधिक बसों की आवश्यकता है, वहीं वर्तमान में केवल 740 बसें ही सेवा दे रही हैं. इसी कमी को दूर करने के लिए 1225 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं. इनमें लखनऊ को सबसे अधिक 300 बसें मिलेंगी. नगर विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नई बसों की आपूर्ति इसी वर्ष शुरू होने की उम्मीद है.
नई व्यवस्था में बदला बस संचालन का मॉडल
इलेक्ट्रिक बसों का संचालन इस बार ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (GCC) मॉडल पर किया जाएगा. इससे पहले लागू किए गए नेट कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (NCC) मॉडल में निजी कंपनियों की रुचि नहीं दिखी और टेंडर प्रक्रिया सफल नहीं हो सकी. इसके बाद सरकार ने बसों की सीधी खरीद के बजाय किराये के मॉडल पर संचालन का फैसला लिया. नई व्यवस्था के तहत बस और चालक वाहन स्वामी उपलब्ध कराएगा, जबकि परिचालक सिटी ट्रांसपोर्ट की ओर से नियुक्त किया जाएगा. सरकार बस खरीद के लिए प्रति वाहन 35 से 40 लाख रुपये तक का अनुदान भी देगी और प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान किया जाएगा.
इन शहरों में चलेगी नई इलेक्ट्रिक बसें
नई इलेक्ट्रिक बसें आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मथुरा-वृंदावन, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, शाहजहांपुर, सहारनपुर और वाराणसी में संचालित की जाएंगी. केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय के मानकों के अनुसार प्रति एक लाख आबादी पर 30 सिटी बसें होनी चाहिए. ऐसे में नई बसों के शामिल होने से शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Komal Agarwal
कोमल अग्रवाल पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. वे डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न विषयों पर समाचार एवं लेख लिखती हैं. इससे पहले उन्होंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया में इंटर्नशिप एवं कार्य अनुभव प्राप्त किया है, जहां उन्होंने रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने पटना विमेंस कॉलेज से जनसंचार एवं पत्रकारिता की पढ़ाई की है. कोमल तथ्यपरक, विश्वसनीय और पाठक-केंद्रित पत्रकारिता में विश्वास रखती हैं तथा सरल, सटीक और प्रभावी समाचार लेखन को प्राथमिकता देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










