Jharkhand Weather Alert: झारखंड में आज कहर बरपाएगा मौसम! आंधी-पानी के साथ वज्रपात, ऑरेंज अलर्ट जारी

Updated at : 20 Mar 2026 7:55 AM (IST)
विज्ञापन
Jharkhand Weather Alert

मौसम विभाग ने झारखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

Jharkhand Weather Alert: झारखंड में मौसम ने लिया खतरनाक रुख, कई जिलों में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी जारी. मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट घोषित करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विज्ञान विभाग ने लोगों से तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका के बीच सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

Jharkhand Weather Alert: झारखंड में शुक्रवार का दिन मौसम के लिहाज से बेहद भारी रहने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे राज्य में खराब मौसम की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति आम जनजीवन को प्रभावित कर सकती है, इसलिए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

इन जिलों में सबसे ज्यादा असर

राजधानी रांची समेत चतरा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. इन इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है. वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.

मौसम विभाग की चेतावनी और अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खास सावधानी बरतने की अपील की है. विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि आंधी और मेघ गर्जन के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों या खुले मैदानों में खड़े रहना खतरनाक हो सकता है. लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और अनावश्यक बाहर निकलने से बचें. किसानों को भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है, क्योंकि ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है.

21 मार्च को भी जारी रहेगा असर

मौसम का यह मिजाज केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा और मेघ गर्जन की संभावना बनी रहेगी. हालांकि उस दिन के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जो अपेक्षाकृत कम खतरे का संकेत देता है, लेकिन सतर्कता जरूरी रहेगी.

पिछले 24 घंटे का मौसम हाल

गुरुवार को भी झारखंड के कई जिलों में मौसम ने करवट ली. कई जगहों पर मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 43 मिमी बारिश बोकारो में हुई. वहीं तापमान की बात करें तो मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दूसरी ओर लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा.

तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके बाद फिर से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है.

इसे भी पढ़ें: सड़क किनारे पेशाब करना पड़ा भारी, ससुराल आए युवक को बाइक ने मारी टक्कर, हो गई मौत

22 मार्च के बाद मौसम होगा साफ

राहत की बात यह है कि 22 मार्च से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा. आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क हो जाएगा. इसके साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. ऐसे में फिलहाल लोगों को सतर्क रहकर इस खराब मौसम का सामना करना होगा.

इसे भी पढ़ें: झारखंड के कई जिलों में 19 से 21 मार्च तक आंधी के साथ बारिश, येलो अलर्ट जारी

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola