JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामला: TDPL का एकाउंटेंट, पूर्व अध्यक्ष खियांग्ते के स्टाफ समेत 5 गिरफ्तार
JPSC
जेपीएससी परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. सीआईडी और लखनऊ पुलिस ने संयुक्त रूप से 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. इन पर पीटी परीक्षा में अनुचित साधनों के उपयोग का आरोप है.
रांचीः जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में सीआईडी और लखनऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. इन पर आरोप है कि उन्होंने 14वीं जेपीएससी पीटी में धोखाधड़ी और अनुचित साधनों का उपयोग कर सफलता पाई. इनमें टीडीपीएल में एकाउंटेंट रहा रक्षक सिंह भी शामिल है. आरोप है कि इसने पद पर रहते हुए परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग कर सफलता पाई. इनके अलावा रोशन केरकेट्टा और मनोज कुमार पर भी धोखाधड़ी कर परीक्षा पास करने का आरोप है. इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके साथ ही उमाकांत उरांव, जो एजेंट के रूप में उम्मीदवार दिलाने का काम करता था और पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष एल खियांग्ते का स्टाफ रह चुके धर्मेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है.
पूर्व अध्यक्ष के कार्यालय में कार्यरत था धर्मेंद्र
धर्मेंद्र कुमार जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष के कार्यालय में कार्यरत था. उसकी अभय तिवारी के करीबी लोगों से बातचीत होती थी. सीआईडी ने पिछले दिनों 18 जगहों पर छापेमारी कर कुछ कोचिंग संचालकों को भी पकड़ा था, उनसे भी धर्मेंद्र लगातार संपर्क में था. धर्मेंद्र को कचहरी के नजदीक के अति संवेदनशील इलाके से पकड़ा गया. सीआईडी की टीम ने धर्मेंद्र के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक कंप्यूटर जब्त किया है.
बताया जा रहा है कि वह फिलहाल एक अधिकारी के आवासीय कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था. उमाकांत उरांव को बरियातू से, रोशन केरकेट्टा को सदर से, मनोज कुमार को धुर्वा से, रक्षक सिंह को लखनऊ के कोटवा बख्शी के तालाब थाना क्षेत्र से और धर्मेंद्र को कोतवाली थाना क्षेत्र से पकड़ा गया. छापेमारी में डिजिटल और अभिलेखीय साक्ष्य जब्त किए गए हैं. विभाग ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आगे प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
अब 7 अगस्त तक भेज सकेंगे ओएमआर शीट
सीआईडी ने ओएमआर शीट भेजने की तिथि सात अगस्त तक बढ़ा दी है. पहले यह तिथि पांच अगस्त तक तय थी. अब तक 1300 अभ्यर्थियों ने अपनी ओएमआर शीट भेजी है. ओएमआर शीट से जुड़े मामले की छानबीन जारी है. इस मामले में सीआईडी ने अपना अनुसंधान तेज कर दिया है.
ये भी पढें- झारखंड के इन जिलों में 6 से 8 अगस्त तक भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट
ये भी पढें- JPSC Student Protest: सीएम हाउस से छात्रों को आया संदेश, पांच लोगों के प्रतिनिधि से बात करेगी सरकार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अर्चना कुजूर
अर्चना कुजूर एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जो वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कार्यरत हैं. वह झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के साथ-साथ राज्य की प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं. अर्चना ने वर्ष 2016 में क्राफ्ट फिल्म स्कूल, रोहिणी (नई दिल्ली) से टीवी जर्नलिज्म एंड न्यूज रीडिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा किया. इसके बाद उन्होंने नोएडा स्थित नेशनल वॉयस न्यूज और इंडिया वॉयस न्यूज चैनल (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) में इंटर्नशिप करने के साथ-साथ व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया.
झारखंड लौटने के बाद उन्होंने कशिश न्यूज चैनल में लगभग डेढ़ वर्ष तक आउटपुट विभाग में कॉपी राइटर के रूप में कार्य किया. इसके बाद रांची एक्सप्रेस में एजुकेशन बीट पर रिपोर्टिंग की और प्रिंट पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया. वर्ष 2022 से उन्होंने न्यूज11 भारत और नक्षत्र न्यूज चैनल में लगभग दो-दो वर्षों तक डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए राज्य की राजनीति, शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, योजनाओं और समसामयिक विषयों पर हजारों समाचार और विशेष लेख लिखें.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










