झारखंड के कई जिलों में 19 से 21 मार्च तक आंधी के साथ बारिश, येलो अलर्ट जारी

झारखंड के कई जिलों में बारिश होगी.
Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में मौसम ने करवट ली है. 19 से 21 मार्च तक येलो अलर्ट जारी है. तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है. जमशेदपुर, धनबाद और गिरिडीह समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहाना होने के संकेत हैं. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में इन दिनों मौसम तेजी से करवट ले रहा है. सुबह तेज धूप और दोपहर बाद बादल, आंधी और बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, 19 से 21 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा, गरज-चमक और मध्यम बारिश की संभावना है. इसी को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
जमशेदपुर में शाम को राहत, लेकिन दिन में तेज धूप
जमशेदपुर में बुधवार को दिनभर तेज धूप रही, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा. हालांकि शाम होते-होते मौसम में बदलाव आया और हल्की ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया. मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को दोपहर तक तेज धूप रहेगी, लेकिन शाम में मौसम बदल सकता है. 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और एक स्पेल में मध्यम बारिश की संभावना है. यही स्थिति 20 और 21 मार्च को भी बनी रह सकती है. बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा है. हवा में आर्द्रता 31 से 53 प्रतिशत के बीच रही.
गिरिडीह में अचानक बदला मौसम, बारिश से मिली राहत
गिरिडीह में बुधवार को मौसम का मिजाज कई बार बदला. सुबह हल्की धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में घने काले बादल छा गए. तेज हवाओं के साथ अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया. हालांकि, दिनभर बादलों की मौजूदगी के कारण हल्की उमस बनी रही. शाम को बारिश थमने के बाद फिर से गर्मी का एहसास होने लगा. बारिश के दौरान सड़कों पर आवाजाही कुछ समय के लिए प्रभावित हुई, लेकिन कई लोग इस मौसम का आनंद लेते नजर आए.
धनबाद में दिनभर बदलता रहा मौसम, दो बार हुई बारिश
धनबाद में भी मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहा. सुबह हल्की धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन बादलों की आवाजाही से उमस बनी रही. दोपहर करीब 3 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे लोगों को अचानक परेशानी का सामना करना पड़ा. कुछ जगहों पर तेज हवा के कारण पेड़ों की डालियां भी टूटकर गिर गईं. करीब आधे घंटे बाद बारिश थम गई, जिससे मौसम ठंडा हो गया. हालांकि रात करीब 8 बजे फिर से गरज के साथ हल्की बारिश हुई. यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार 21 मार्च तक ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना है.
तापमान में उतार-चढ़ाव, कई जिलों में गिरावट के संकेत
मौसम विभाग के पांच दिन के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड के ज्यादातर जिलों में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी. देवघर, धनबाद, जामताड़ा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री से घटकर 32-34 डिग्री तक आ सकता है. गिरिडीह और बोकारो में तापमान 30-32 डिग्री के बीच रहेगा. पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे इलाकों में शुरुआती दिनों में तापमान 38 डिग्री तक रहेगा, लेकिन बाद में गिरावट आएगी. रांची और आसपास के क्षेत्रों में तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड का एहसास हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: पलामू में गैस सिलेंडर विस्फोट मामले में डिस्ट्रीब्यूटर गिरफ्तार, 61 सिलेंडर बरामद
तेज हवा और वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने 19 से 21 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है. विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव चक्रवाती परिसंचरण के कारण हो रहा है, जिससे मौसम अस्थिर बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में डीजे बजेगा और हर हाल में बजेगा, विधानसभा में बोले इरफान अंसारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




