Jamshedpur News : घर से स्कूल के लिए निकले छात्र की डूबने से मौत, तैराकी सीखने की चाह में गया था गंजिया बराज

Published by :RAJESH SINGH
Published at :23 Apr 2026 1:36 AM (IST)
विज्ञापन
Jamshedpur News : घर से स्कूल के लिए निकले छात्र की डूबने से मौत, तैराकी सीखने की चाह में गया था गंजिया बराज

Jamshedpur News : गम्हरिया थाना क्षेत्र के गंजिया बराज स्थित खरकई नदी में बुधवार को तैराकी सीखने के दौरान डूबने से बिष्टुपुर के धतकीडीह बी ब्लॉक लाइन नंबर-9 निवासी अताउल्लाह रहमान के पुत्र फहद रहमान की मौत हो गयी.

विज्ञापन

नहाने के दौरान चला गया था गहरे पानी में, स्थानीय लोगों ने निकाला, मगर नहीं बची जान

Jamshedpur News :

गम्हरिया थाना क्षेत्र के गंजिया बराज स्थित खरकई नदी में बुधवार को तैराकी सीखने के दौरान डूबने से बिष्टुपुर के धतकीडीह बी ब्लॉक लाइन नंबर-9 निवासी अताउल्लाह रहमान के पुत्र फहद रहमान की मौत हो गयी. घटना सुबह करीब 11 बजे की है. मृतक कदमा स्थित आंध्र एसोसिएशन इंग्लिश स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था. वह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था. मगर स्कूल न जाकर अपने चार साथियों के साथ स्कूटी और बाइक से गंजिया बराज पहुंचा था. चारों आंध्र एसोसिएशन इंग्लिश स्कूल के छात्र हैं. सभी धातकीडीह व कदमा के रहनेवाले हैं. हादसा के बाद दोस्तों के चिल्लाने पर आसपास के लोग जुट गये. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद फहद रहमान को नदी से निकाला, लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी. हादसा की जानकारी मिलने पर गम्हरिया थाना की पुलिस पहुंची. पुलिस ने फहद के दोस्तों से पूछताछ के बाद घटना की जानकारी उनके घरवालों को दी. मृतक के पिता अताउल्लाह रहमान टेंपो चालक हैं. फहद की मौत से घरवालों का रो- रोकर बुरा हाल था. फहद दो बहनों का इकलौता भाई था. पोस्टमार्टम होने के बाद देर शाम परिजनों ने शव को टीएमएच के शीतगृह में रखवा दिया. गुरुवार को सुपुर्द-ए-खाक किया जायेगा. इधर, पुलिस फहद के चारों दोस्त को गम्हरिया थाना ले गयी है. जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. जानकारी मिलने पर उनके घरवाले भी गम्हरिया थाना पहुंचे.

स्कूल जाने के नाम पर दोस्तों के साथ निकला था

जानकारी के अनुसार फहद रहमान बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने दोस्तों आसिफ, अमरान, हसद और हमबन के साथ एक बाइक और एक स्कूटी से स्कूल ड्रेस में घर से निकला था, लेकिन स्कूल जाने की बजाय सभी पहले सीतारामपुर डैम पहुंचे. वहां पानी कम होने के कारण गूगल मैप के जरिये सभी गंजिया बराज पहुंचे, जहां नहाने के दौरान हादसा हो गया.

तैरना सीखने की चाह ने ली जान

मृतक के दोस्तों ने बताया कि फहद को तैरना नहीं आता था और वह तैरना सीखने के उद्देश्य से ही यहां आया था. वह अपने साथ अलग कपड़े भी लाया था. नदी किनारे अन्य लोगों को देखकर उसे भरोसा था कि जरूरत पड़ने पर वे उसे बचा लेंगे. यही सोचकर वह पानी में तैरने के इरादे से चला गया, अचानक गहराई में जाने से वह डूब गया. जब तक स्थानीय लोग उसे बाहर निकालते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

घर से स्कूल के लिए निकला, नदी जाने की नहीं थी जानकारी

फहद के चाचा तबरेज आलम ने बताया कि वह सुबह घर से करीब 6:30 बजे स्कूल जाने के लिए निकला था. नदी जाने की जानकारी हमलोगों को नहीं थी. सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस ने फोन कर फहद के पिता अताउल्लाह को घटना की जानकारी दी. जिसके बाद हमलोग पहुंचे. फहद को तैरना नहीं आता था.

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola