एमजीएम अस्पताल में लगी नई बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन, अब 64 तरह की जांच में होगी आसान

Author Chandra Shekhar|Edited by Bhumi Sharma
Updated:
विज्ञापन
एमजीएम अस्पताल में लगी नयी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन

जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में नयी बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन लगी है. अब मरीजों की 64 प्रकार की जांचें कुछ ही मिनटों में मुफ्त होंगी.

विज्ञापन

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए नई अत्याधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर मशीन लगाई गई है. अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में इस मशीन के शुरू होने से अब मरीजों को जांच के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और रिपोर्ट भी जल्दी मिल जाएगी.

इस ऑटोमैटिक मशीन से एक साथ 75 मरीजों की 64 तरह की जांच की जा सकेगी. अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने बताया कि पुरानी मशीनों की क्षमता कम होने के कारण जांच रिपोर्ट आने में काफी समय लगता था. कई बार गंभीर मरीजों को समय पर इलाज शुरू करने में परेशानी होती थी. नई मशीन से ओपीडी और इमरजेंसी के मरीजों को कुछ ही मिनटों में सही रिपोर्ट मिल सकेगी. इससे डॉक्टरों को इलाज करने में आसानी होगी.

मरीजों को नहीं देना होगा जांच का पैसा

एमजीएम अस्पताल में कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के अलावा ओडिशा और पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं. निजी जांच केंद्रों में इन जांचों के लिए मरीजों को हजारों रुपये खर्च करने पड़ते थे. लेकिन अब एमजीएम अस्पताल में सरकारी नियमों के तहत ये सभी जांच मरीजों के लिए मुफ्त होंगी.

इस मशीन से पीलिया, हेपेटाइटिस, लिवर की जांच, ब्लड यूरिया, क्रिएटिनिन, यूरिक एसिड, कोलेस्ट्रॉल, ट्राइग्लिसराइड्स, ब्लड शुगर (फास्टिंग और पीपी) समेत कई जरूरी जांच की जा सकेंगी. नई सुविधा से मरीजों को कम समय में बेहतर जांच सुविधा मिलेगी.


विज्ञापन
Chandra Shekhar

लेखक के बारे में

By Chandra Shekhar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola