सड़क दुर्घटना के बाद एंबुलेंस की राह देखता रहा छात्र, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम
सक्षम सिंह (फाइल फोटो).
मुसाबनी के पाथरगोड़ा में बाइक और छोटा हाथी की टक्कर में केंद्रीय विद्यालय के छात्र की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल.
घाटशिला/मुसाबनी : मुसाबनी-हाता सड़क पर दर्दनाक हादसे ने 17 साल की जिंदगी को हमेशा के लिए थाम दिया. छोटा हाथी वाहन से टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क किनारे तड़प-तड़प कर एंबुलेंस की राह देखते रहे लेकिन एंबुलेंस नहीं आई. बाद में पुलिस ने ही दोनों को अस्पताल पहुंचाया. लेकिन, तबतक काफी देर हो चुकी थी. अस्पताल में बाइक सवार केंद्रीय विद्यालय सुरदा के 12वीं कक्षा कॉमर्स के छात्र सक्षम सिंह राजपूत (17) को मृत घोषित कर दिया गया. इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मां-बाप की आंखों के सामने दुनिया उजड़ गयी. सक्षम के साथ बाइक पर सवार उसका दोस्त हर्षित भी गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
बाइक व छोटा हाथी के बीच हुई सीधी टक्कर
मुसाबनी-हाता मुख्य सड़क पर पाथरगोड़ा के लिपुडीह टोला के पास मंगलवार दोपहर बाइक और छोटा हाथी यात्री वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में बाइक सवार केंद्रीय विद्यालय सुरदा के 12वीं कक्षा कॉमर्स के छात्र सक्षम सिंह राजपूत (17) की मौत हो गयी. वहीं, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में थे. जानकारी के अनुसार, घाटशिला के लालडीह निवासी सक्षम सिंह राजपूत अपने साथी सुरदा न्यू टाउनशिप निवासी हर्षित कर्मकार (17) के साथ तेज गति में ड्यूक बाइक (जेएच05 ईबी 4221) से मुसाबनी की ओर से सुरदा जा रहे थे. इसी दौरान लिपुडीह टोला के समीप विपरीत दिशा से आ रहे छोटा हाथी यात्री वाहन (जेएच 05 सीएम 0832) से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क किनारे थोड़ी दूर जा गिरे.
काफी देर तक नहीं पहुंची एंबुलेंस
दुर्घटना के बाद जनाधिकार मंच के नेता आनंद हेंब्रम ने मुसाबनी थाना को सूचना दी और 108 एंबुलेंस के लिए फोन किया. काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर मुसाबनी थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केंदाडीह ले गयी. अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुंदरलाल मार्डी ने जांच के बाद सक्षम सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया.
इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
दुर्घटना की सूचना पर सक्षम के परिजन, मित्र और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गये. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. सक्षम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि बड़ी बहन बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है. सूचना मिलने पर मुसाबनी थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह और एसआई अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली. दुर्घटना में सक्षम के सिर के पीछे, बायीं तरफ गले और पेट में गंभीर चोटें आयी थीं. जबकि उसके घायल साथी का पैर टूट गया है. फिलहाल सक्षम का शव आईसीसी वर्कर्स अस्पताल में रखा गया है. बुधवार को घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जायेगा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मो. युनूस परवेज
मो. युनूस परवेज वर्ष 1995 से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने घाटशिला महाविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और राजनीतिक विज्ञान ऑनर्स की डिग्री हासिल की है. इनकी राजनीति, अपराध, नक्सलवाद, खेल, शिक्षा और खेती किसानी की खबरों में विशेष रुचि है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










