Jamshedpur News:पाइपलाइन बिछाने के दौरान फटा राइजिंग पाइप, टंकी में पानी नहीं भरने से 10 हजार लोग होंगे प्रभावित
Published by : RAJESH SINGH Updated At : 12 Jun 2026 1:06 AM
जमशेदपुर (फाइल फोटो)
एमजीएम अस्पताल क्षेत्र और मानगो के 22 इलाकों में शुक्रवार को जल संकट गहरा सकता है. क्योंकि, डिमना चौक के पास पाइपलाइन बिछाने के दौरान राइजिंग पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गयी.
एमजीएम अस्पताल क्षेत्र सहित मानगो के 22 इलाकों में आज गहराया सकता है जल संकट
Jamshedpur News:
एमजीएम अस्पताल क्षेत्र और मानगो के 22 इलाकों में शुक्रवार को जल संकट गहरा सकता है. क्योंकि, डिमना चौक के पास पाइपलाइन बिछाने के दौरान राइजिंग पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गयी. इस कारण गुरुवार को एमजीएम जोन नंबर-2 स्थित टंकी में पानी नहीं भरा जा सका. इसका सीधा असर जलापूर्ति व्यवस्था पर पड़ेगा, जिससे करीब 10 हजार लोग होंगे प्रभावित होंगे.ठेका कंपनी मेसर्स मदन लाल बजाज कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से एमजीएम में पाइपलाइन से जलापूर्ति शुरू करने के लिए एनएच-33 के समीप खुदाई का कार्य किया जा रहा है. इसी दौरान बुधवार देर रात राइजिंग पाइप अचानक फट गया. हालांकि, गुरुवार की रात 9 बजे तक राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत ठेका कंपनी की ओर से करा लिया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. पाइप फटने के कारण गुरुवार को एमजीएम जोन नंबर-2 स्थित 11 लाख लीटर क्षमता वाली टंकी में पानी नहीं चढ़ाया जा सका. बुधवार काे टंकी में जमा पानी की सप्लाई गुरुवार को कर देने से असर नहीं दिखा, लेकिन गुरुवार को टंकी खाली हो जाने से शुक्रवार को जलापूर्ति पर असर दिखेगा.
इन इलाकों में बढ़ेगी परेशानी
इस टंकी का महत्व इसलिए भी अधिक है, क्योंकि एमजीएम अस्पताल क्षेत्र के अलावा, मानगो नगर निगम के प्रभावित 22 इलाकों में टैंकर से जलापूर्ति इसी टंकी से होती है. नगर निगम के 15 टैंकर प्रतिदिन यहीं से पानी भरते हैं. गुरुवार को टंकी में पानी नहीं भरने से अब शुक्रवार को अस्पताल से लेकर बस्तियों तक लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है. जोन नंबर-2 पानी टंकी से एमजीएम अस्पताल एरिया, आनंद विहार कॉलोनी, डिमना चौक, हिल व्यू कॉलोनी और जयपाल कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में जलापूर्ति होती है. इसके अलावा, मानगो नगर निगम के प्रभावित 22 इलाकों में पानी पहुंचाने के लिए निगम के सभी 15 टैंकर इसी टंकी से पानी भरते हैं.
10 साल पुराने पंप से जूझ रहा सिस्टम
जल संकट का एक बड़ा कारण पंप हाउस की लचर व्यवस्था भी है. टंकी में पानी चढ़ाने के लिए मात्र एक मोटर काम कर रही है. जबकि दूसरी पहले से ही खराब है. जानकारों की मानें तो यह पंप करीब 10 साल पुराना है. एक ही पंप के सहारे होने के कारण मरम्मत के बाद भी टंकी को पूरा भरने में लंबा समय लगेगा. स्थिति को देखते हुए जलापूर्ति पूरी तरह सामान्य होने में शनिवार तक का समय लग सकता है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










