Jamshedpur News : ''भारत माता की जय'' से गूंजी लौहनगरी
Updated at : 23 Mar 2026 1:27 AM (IST)
विज्ञापन

Jamshedpur News : लौहनगरी जमशेदपुर में रविवार को राष्ट्रभक्ति का ऐसा ज्वार उमड़ा कि हर तरफ केवल तिरंगा और देशप्रेम के नारे ही सुनाई दे रहे थे.
विज्ञापन
अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, नमन संस्था ने किया आयोजन
स्वागत स्थल : 100 से अधिक जगहों पर हुआ भव्य अभिनंदन, स्केटिंग टीम और घुड़सवारों ने बिखेरी छटा
राष्ट्र की आत्मा को सशक्त करते हैं ऐसे आयोजन, नमन और सम्मान के साथ हुआ यात्रा का भव्य आगाज
Jamshedpur News :
लौहनगरी जमशेदपुर में रविवार को राष्ट्रभक्ति का ऐसा ज्वार उमड़ा कि हर तरफ केवल तिरंगा और देशप्रेम के नारे ही सुनाई दे रहे थे. नमन परिवार द्वारा आयोजित ”अखंड तिरंगा यात्रा सह शहीद सम्मान यात्रा” इस वर्ष न केवल अलौकिक रही, बल्कि जनभागीदारी के मामले में ऐतिहासिक बन गयी. लगभग 6.5 किलोमीटर लंबी इस भव्य यात्रा में हजारों की संख्या में राष्ट्रभक्तों ने हिस्सा लेकर एकता और अखंडता का अद्भुत उदाहरण पेश किया. यात्रा के दौरान धर्म, जाति और राजनीति की दीवारें पूरी तरह ढह गईं और सड़कों पर केवल एक ”हिंदुस्तान” नजर आया.शहीद स्थल : नमन और सम्मान के साथ हुआ आगाज
यात्रा का शुभारंभ भावपूर्ण माहौल में हुआ. कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां भारती और महान क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की तस्वीरों पर पुष्प अर्पित किये. इस अवसर पर पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. जब शहीद परिवारों को नमन किया गया, तो वहां मौजूद हजारों लोगों की आंखें नम हो गयीं और पूरा वातावरण गौरवपूर्ण हो उठा. अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि शहीदों के बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का एक संकल्प है.सड़क मार्ग : स्केटिंग टीम और घुड़सवारों ने बिखेरी छटा
जैसे ही यात्रा सड़क पर निकली, इसकी भव्यता देखते ही बन रही थी. सबसे आगे स्केटिंग टीम अपने आकर्षक प्रदर्शन से लोगों का ध्यान खींच रही थी. उनके पीछे बुलेट सवारों की टोली, घुड़सवार दल और मां भारती का सुसज्जित रथ चल रहा था. विभिन्न देशभक्ति झांकियां, ऑर्केस्ट्रा टीम और बैंड पार्टी के साथ चल रहे हजारों लोग देशभक्ति के गीतों पर झूम रहे थे. स्केटिंग टीम से लेकर बैंड पार्टी तक, हर दस्ते ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सरोबार कर दिया.स्वागत स्थल : 100 से अधिक जगहों पर हुआ भव्य अभिनंदन
यात्रा के पूरे मार्ग में स्वागत का ऐसा सिलसिला चला कि कदम-कदम पर लोग पलक-पांवड़े बिछाये खड़े थे. भालुबासा, काशीडीह, साकची समेत विभिन्न इलाकों में 100 से अधिक स्थानों पर सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संगठनों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया. भालुबासा मुस्लिम बस्ती, साकची गुरुद्वारा समिति, मारवाड़ी समाज, चेंबर ऑफ कॉमर्स और विभिन्न अखाड़ा समितियों ने सेवा शिविर लगाये थे. कहीं चाय-पानी तो कहीं शरबत और फल की व्यवस्था की गयी थी. सोनू रजा खान, नरेश अग्रवाल और भालुबासा मुखी समाज जैसे कई समूहों ने अंगवस्त्र देकर पदयात्रियों का अभिनंदन किया.राष्ट्र की आत्मा को सशक्त करते हैं ऐसे आयोजन
यात्रा के दौरान आयोजित सभा में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह यात्रा राष्ट्र की आत्मा को सशक्त करती है. यह एकता और बलिदान की जीवंत अभिव्यक्ति है. सांसद विद्युत वरण महतो ने इसे समाज को एक सूत्र में बांधने वाला अनुकरणीय प्रयास बताया. इंटक नेता राकेश्वर पांडे ने इसे सामाजिक समरसता का प्रतीक करार दिया, वहीं पूर्व सैनिक सेवा परिषद के वरुण कुमार ने कहा कि इससे सीमा पर तैनात जवानों का मनोबल बढ़ता है. समाजसेवी चंद्रगुप्त सिंह ने इस यात्रा को जमशेदपुर की शान बताया.उपस्थिति : जुटे शहर के तमाम प्रबुद्धजन
इस आयोजन में शहर के तमाम गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही. कांग्रेस नेता रामश्रय प्रसाद, डॉ एसएस रज्जी, राजेश शुक्ला, शंभूनाथ सिंह, कल्याणी शरण, इंदरजीत सिंह, भगवान सिंह और विकास सिंह सहित सैकड़ों प्रमुख चेहरों ने शिरकत की. महिलाओं और युवाओं की भारी उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि नमन परिवार का यह अभियान अब एक विशाल जनआंदोलन का रूप ले चुका है.राष्ट्रभक्ति और एकता का सशक्त संदेश : अर्जुन मुंडा
जनभागीदारी से सशक्त राष्ट्र का निर्माण : विद्युत वरण महतोशहीदों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प : कालेसामाजिक समरसता का प्रतीक बना आयोजन : राकेश्वर पांडेयशहीदों और सैनिकों के सम्मान का सशक्त मंच : वरुण कुमारयह यात्रा शहर की शान है : चंद्रगुप्त सिंह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




