जमशेदपुर में खौलती चाय से जख्मी युवती का इलाज कराएंगे सरयू राय, उठाएंगे पूरा खर्च

जमशेदपुर पूर्वी के जदयू विधायक सरयू राय.
Jamshedpur News: जमशेदपुर में युवकों ने युवती पर खौलती चाय फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई. विधायक सरयू राय ने मानवीय पहल करते हुए इलाज का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की. टाटा मेन हॉस्पिटल में युवती का इलाज जारी है, घटना से शहर में आक्रोश है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
जमशेदपुर से संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट
Jamshedpur News: झारखंड के जमशेदपुर में खौलती चाय से झुलसी युवती के इलाज का पूरा खर्च जदयू विधायक सरयू राय उठाएंगे. सोमवार की शाम 8.30 बजे कुछ मनबढ़ युवकों ने युवती के चेहरे पर खौलती चाय फेंक दी थी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई है. उसका इलाज टीएमएच के आईसीयू में चल रहा है. विधायक सरयू राय ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित युवती मेहंदी के इलाज की पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली है. उन्होंने एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा कि इलाज के दौरान पैसों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन से भी अपील की है कि यदि अस्पताल का बिल लंबित रहता है, तब भी इलाज किसी भी परिस्थिति में नहीं रोका जाए.
पूरी तरह स्वस्थ होने तक चलता रहेगा इलाज
सरयू राय ने भरोसा दिलाया कि इलाज में होने वाला पूरा खर्च वे स्वयं वहन करेंगे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि इस अमानवीय घटना की शिकार बच्ची के पूर्ण स्वस्थ होने तक इलाज जारी रहेगा. विधायक की इस पहल को शहर में सराहना मिल रही है और लोग इसे एक उदाहरण के रूप में देख रहे हैं.
अस्पताल में चल रहा सघन इलाज
घायल युवती का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है, जहां उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है. डॉक्टरों की एक टीम उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. अस्पताल प्रशासन ने भी इलाज में किसी तरह की कोताही न बरतने का आश्वासन दिया है. घटना के तुरंत बाद सरयू राय ने अपने प्रतिनिधि नीरज सिंह और जदयू के अन्य पदाधिकारियों को अस्पताल भेजकर पीड़िता की स्थिति की जानकारी ली. इस दौरान पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया गया.
क्या है पूरा मामला
यह घटना सोमवार, 6 अप्रैल 2026 की शाम करीब 8:30 बजे की है. जमशेदपुर के टीएएफ ग्राउंड के पास स्थित बजरंग चाय दुकान पर आठ से दस युवक चाय पीने पहुंचे थे. चाय मिलने में थोड़ी देर होने पर वे गुस्से में आ गए और दुकान में हंगामा करने लगे. देखते ही देखते युवकों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी. इसी दौरान दुकान में मौजूद युवती मेहंदी उनकी बर्बरता का शिकार बन गई. आरोप है कि एक युवक ने चूल्हे पर रखी केतली से खौलती चाय उठाकर सीधे युवती के चेहरे पर फेंक दी. इस हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही दर्द से कराहने लगी. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया गया.
इसे भी पढ़ें: गढ़वा के होटलों में देह के खेल पर प्रशासन सख्त, एसडीएम ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
शहर में आक्रोश और न्याय की मांग
इस घटना के बाद शहरवासियों में भारी आक्रोश है. लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं. यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ती असंवेदनशीलता को भी उजागर करती है. वहीं, सरयू राय की त्वरित पहल ने पीड़ित परिवार को बड़ी राहत दी है. उनकी इस मानवीय पहल को समाज के हर वर्ग से समर्थन मिल रहा है और लोग इसे सच्ची जनसेवा का उदाहरण बता रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: जेल भेजे गए हंटरगंज में छात्रा को गर्भवती करने वाले हेडमास्टर, सदर अस्पताल में होगी बच्ची की जांच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




