Jamshedpur News : पड़ोसी के साथ कर रहा था मारपीट, पुलिस ले गयी थाना तो खुला 15 लाख की चोरी का राज

Published by : RAJESH SINGH Updated At : 11 Apr 2026 1:12 AM

विज्ञापन

बागबेड़ा थाना अंतर्गत पूर्वी घाघीडीह पंचायत के मां तारनी कॉलोनी के रोड नंबर-2 में स्थित गौरांग मंडल के घर की छत का टीन काटकर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये की गहने, नकदी व अन्य सामान की चोरी कर ली.

विज्ञापन

चोरी में शामिल आरोपी व तीन साथी गिरफ्तार, स्कूटी की डिक्की से गहने बरामद

बस्तीवासी बोले- आपराधिक प्रवृत्ति का है यश, पूर्व में भी जा चुका है जेल

Jamshedpur News :

बागबेड़ा थाना अंतर्गत पूर्वी घाघीडीह पंचायत के मां तारनी कॉलोनी के रोड नंबर-2 में स्थित गौरांग मंडल के घर की छत का टीन काटकर चोरों ने करीब 15 लाख रुपये की गहने, नकदी व अन्य सामान की चोरी कर ली. शुक्रवार की सुबह जब गौरांग मंडल घाटशिला स्थित अपने गांव से लौटे, तो चोरी का पता चला. उन्होंने इसकी सूचना बागबेड़ा थाना की पुलिस को दी. जिसके बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. इस संबंध में गौरांग मंडल ने बागबेड़ा थाना में लिखित शिकायत की. पुलिस चोरी कांड की जांच कर ही रही थी कि लोगों ने बागबेड़ा थाना को सूचना दी कि एक युवक मोहल्ले में हंगामा और मारपीट कर रहा है. सूचना पाकर पहुंची पुलिस हरहरगुट्टू निवासी यश शर्मा को पकड़कर थाना ले गयी. वहां जांच में उसकी स्कूटी चोरी की निकली. जब स्कूटी की डिक्की खोली गयी, तो पुलिस हैरान रह गयी. डिक्की में सोने और चांदी के गहने रखे थे. पूछताछ करने पर यश शर्मा ने गौरांग मंडल के घर में चोरी की बात स्वीकारी. यश की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में शामिल उसके तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस धराये युवकों से पूछताछ कर रही है.

श्राद्धकर्म में घाटशिला गया था परिवार, हो गयी चोरी

गौरांग मंडल ने बताया कि गत शनिवार (4 अप्रैल) को उनके पिता का निधन हो गया था. जिसके बाद पूरा परिवार घाटशिला के सुरदा गांव श्राद्धकर्म में हिस्सा लेने गया था. इसी दौरान चोरों ने घर की छत पर लगे टीन को काटकर अंदर घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर सोना व चांदी के गहने (चेन, अंगूठी, पायल, प्लेट, कटोरी) कपड़े समेत अन्य सामान गायब कर दिया. आगामी बुधवार को श्राद्धकर्म होना था. इस कारण बैंक से 1.50 लाख रुपये निकाला था. चोर उसे भी ले गये.

पड़ोसी के साथ मारपीट कर रहे युवक की बस्तीवासियों ने की पिटाई, पुलिस को सौंपा

आरोपी यश शर्मा ने शुक्रवार को अपने पड़ोसी जोगेंद्र रजक और उसके घरवालों के साथ मारपीट की. घर में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसे गाली-गलौज कर बंद करा दिया. वहीं, निर्माण में लगे बांस-बल्ली व अन्य सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. नशे की हालत में यश शर्मा व उसके साथियों ने काफी उत्पात मचाया. बस्ती के लोगों के साथ भी गाली-गलौज कर रहा था. जिसके बाद बस्तीवासी एकजुट हुए और पकड़कर यश शर्मा की पिटाई कर दी. इसके बाद पहुंची पुलिस जब उसे थाना ले गयी, तो गौरांग मंडल के घर में चोरी कांड का भी खुलासा हुआ. पीड़ित जोगेंद्र रजक ने बताया कि यश उसके पड़ोस में रहता है. वह आपराधिक प्रवृति का है, इसलिए लोग उससे डरते हैं. वह पूर्व में जेल भी जा चुका है. वह लगातार रंगदारी की मांग करता था. शुक्रवार को भी वह अपने साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज कर काम बंद करा दिया. मना करने पर उसने घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट की.

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola