गोविंदपुर : लुआबासा पुलिया पर दो बाइक में टक्कर, एक की मौत, तीन जख्मी
सांकेतिक तस्वीर (AI Image)
गोविंदपुर थाना क्षेत्र में लुआबासा पुलिया के पास तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे में तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जमशेदपुर :गोविंदपुर थाना क्षेत्र के लुआबासा पुलिया के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा रात करीब 12 बजे हुआ.
मृतक की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र के धनिया निवासी राकेश महतो (24 के रूप में हुई है. वहीं घायलों में जादुगोड़ा के तिलामुड़ा गांव निवासी समीर माझी (17), सनातन कालिंदी (20) और बिरसा माझी (18) शामिल हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जबकि राकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया.
ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था राकेश
जानकारी के अनुसार, राकेश महतो टाटा मोटर्स कंपनी में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था. मंगलवार रात ड्यूटी खत्म होने के बाद वह बाइक से लुआबासा होते हुए अपने घर धनिया गांव लौट रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से एक बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में आ रहे थे.
दोनों बाइकों की रफ्तार अधिक होने के कारण लुआबासा पुलिया के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गए.
टक्कर की आवाज सुन मौके पर पहुंचे लोग
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और गोविंदपुर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद राकेश महतो को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










