ePaper

Jamshedpur News : गैंगस्टर अखिलेश के ''गुरु'' विक्रम शर्मा की देहरादून में गोली मारकर हत्या

Updated at : 14 Feb 2026 1:08 AM (IST)
विज्ञापन
Jamshedpur News : गैंगस्टर अखिलेश के ''गुरु'' विक्रम शर्मा की देहरादून में गोली मारकर हत्या

Jamshedpur News : मानगो के आशियाना निवासी और गैंगस्टर अखिलेश सिंह के कथित ''गुरु'' कहे जाने वाले विक्रम शर्मा की उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित सिल्वर सिटी मॉल में गोली मारकर हत्या कर दी गयी.

विज्ञापन

वारदात. मानगो में हत्या की योजना बनी, देहरादून के मॉल में दिया अंजाम, भाई भी शक के घेरे में

-जमशेदपुर में बढ़ते राजनीतिक रसूख को भी बताया जा रहा कारण

– शुक्रवार सुबह 10.10 बजे की घटना, तीन हमलावरों ने वारदात को दिया अंजाम

– सीसीटीवी में हमलावरों की तस्वीर कैद, दो शूटरों ने सिर में गोली मारी

– मेडिकल बोर्ड से कराया गया पोस्टमार्टम, देहरादून पुलिस की टीम जमशेदपुर रवाना

बागबेड़ा के आकाश, जुगसलाई के आशुतोष और विशाल की तलाश में जुटी पुलिस

मानगो में बनी थी हत्या की योजना

Jamshedpur News :

मानगो के आशियाना निवासी और गैंगस्टर अखिलेश सिंह के कथित ””गुरु”” कहे जाने वाले विक्रम शर्मा की उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित सिल्वर सिटी मॉल में गोली मारकर हत्या कर दी गयी. उसके सिर में गोली मारी गयी, जिससे मौके ही मौत हो गयी. घटना शुक्रवार सुबह 10.10 बजे की है. हमलावरों की संख्या तीन बतायी जा रही है. मामले में विक्रम शर्मा के पड़ोसी अखिलेश सिंह के बयान पर अज्ञात के खिलाफ डालनवाला (देहरादून) थाना में हत्या का केस दर्ज किया गया है. विक्रम शर्मा की हत्या में मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बागबेड़ा के शातिर अपराधी आकाश प्रसाद, उसके साथी आशुतोष कुमार सिंह और विशाल की तलाश में जुटी है. सूत्रों के अनुसार, विक्रम शर्मा की हत्या की योजना मानगो में बनायी गयी थी. जुलाई 2025 में विक्रम शर्मा का भाई अरविंद शर्मा मानगो में अपने एक साथी प्रभात के पास पहुंचा था. जिसके बाद से ही विक्रम शर्मा की हत्या की रूपरेखा तैयार होने लगी. बाद में योजना में कुछ शातिर अपराधी और गैंगस्टर को शामिल किया गया. वहीं, जमशेदपुर में विक्रम शर्मा के बढ़ते राजनीतिक रसूख को भी हत्या का कारण माना जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल के जिम से निकलने के दौरान सीढ़ी पर ही विक्रम शर्मा को दो शूटरों ने गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मॉल से निकलकर करीब 300 मीटर तक पैदल भागे. उसके बाद बाइक लेकर खड़े तीसरे साथी के साथ वाहन पर फरार हो गये. हमलावर ने चेहरा नहीं छुपाया था. सूचना मिलने पर डालनवाला थाना पुलिस पहुंची और विक्रम शर्मा को मैक्स अस्पताल ले गयी, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला है, जिसमें हमलावरों की तस्वीर मिली है. घटना के बाद पूरे देहरादून की नाकेबंदी कर दी गयी है. खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है. वहीं, शुक्रवार की देर शाम पुलिस ने विक्रम शर्मा का शव मैक्स अस्पताल भेजा, जहां मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया.

घटना की सूचना मिलने पर जोनल आइजी राजीव स्वरूप भी घटनास्थल पर पहुचे. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि विक्रम शर्मा के हत्यारों का पता लगाया जा रहा है. पूरे देहरादून की नाकेबंदी कर दी गयी है.

एसआइटी का गठन किया गया है, जिसमें वरीय पुलिस अधिकारी को शामिल किया गया है. इसके अलावा एसटीएफ की टीम को भी रखा गया है. झारखंड पुलिस की भी मदद ली जा रही है. विक्रम शर्मा के खिलाफ हत्या व रंगदारी के केस दर्ज थे, जिसमें उसे बरी कर दिया गया था. देहरादून की पुलिस टीम जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई है. आइजी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है. हालांकि, सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

कमर में थी पिस्टल, निकालने का भी नहीं मिला मौका

विक्रम शर्मा के पास एक लाइसेंसी पिस्तौल थी, जिसे वह अक्सर अपने साथ रखता था. शुक्रवार को भी जिम जाने के दौरान उसने कमर में पिस्तौल खोंस रखा था, लेकिन हमलावर ने विक्रम शर्मा को संभलने का भी मौका नहीं दिया. अचानक दोनों हमलावर ने विक्रम शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. जिससे वह सीढ़ी पर ही गिर गया, जहां उसकी मौत हो गयी.

देहरादून एसएसपी का तबादला

वहीं, देहरादून में हाल के दिनों में लगातार हुए आपराधिक वारदात को देखते हुए हत्या के महज सात घंटे के अंदर देहरादून एसएसपी अजय सिंह का तबादला कर दिया गया. उनके स्थान पर प्रमेन्द्र सिंह डोभाल को देहरादून का एसएसपी बनाया गया है.

संपत्ति को लेकर भाई से चल रहा था विवाद

विक्रम शर्मा के करीबियों के अनुसार, उसका (विक्रम) अपने भाई अरविन्द शर्मा के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. अरविंद शर्मा काशीपुर में रहता है और उसका पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है. सोनारी के कारोबारी अशोक शर्मा की हत्या के मामले में अरविंद शर्मा पर लाल वारंट जारी है. पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है.

कोयला, क्रशर और प्रोपर्टी डीलिंग का था कारोबार

विक्रम शर्मा के करीबियों के अनुसार, उसका छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में कोयला का कारोबार था. उत्तराखंड में क्रशर प्लांट है. वहीं पर प्रोपर्टी डीलिंग का भी कारोबार था. जमशेदपुर के सिदगोड़ा में विक्रम उद्योग का कार्यालय है. विक्रम शर्मा अक्सर दमदार रील्स बनाकर सुर्खियों में रहता था. उनके रील्स में वाहनों का काफिला रहता था. इसके अलावा युवकों की भीड़ भी रहती थी. तीन अंगरक्षक अक्सर साथ रहते थे. कई रील्स में वह चुनौती भी देता था.

अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज, हत्या में जमशेदपुर कनेक्शन : देहरादून सिटी एसपी

देहरादून के सिटी एसपी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि विक्रम शर्मा की हत्या मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है. सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों की तस्वीर मिली है. शूटरों का कनेक्शन जमशेदपुर से मिल रहा है. शूटरों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है.

आकाश,विशाल पर हत्या और आशुतोष पर दर्ज पर है फायरिंग का केस

विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या के मामले में वांछित बागबेड़ा और जुगसलाई के विशाल सिंह, आकाश प्रसाद और आशुतोष सिंह पर कई केस दर्ज हैं. विशाल सिंह पर दुमका में मानगो के गैंगस्टर अमरनाथ सिंह की हत्या का आरोप है. अमरनाथ सिंह की हत्या के मामले में विशाल जेल भी गया था, फिलहाल वह जमानत पर है. जबकि आकाश प्रसाद पर भी परसुडीह में एक शराब कारोबारी की हत्या का आरोप है. आशुतोष कुमार पर रेलवे ठेकेदार नीरज दूबे पर फायरिंग का आरोप है. तीनों मानगो के गैंगेस्टर गणेश सिंह के गिरोह से जुड़े हैं.

विज्ञापन
RAJESH SINGH

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola